तिसरी में महिला को पहले मारी गई थी गोली फिर शव को जलाया गया था
घटना स्थल से गोली का खोखा मिलने से बढ़ी संभावना, खोजी कुत्ते के सहारे सुराग तलाश रही पुलिस
डीजे न्यूज, तिसरी(गिरिडीह) : तिसरी प्रखंड के नारोटांड़ गांव के जंगल में मिले अज्ञात महिला का अधजला शव के मामले की अब तक नहीं सुलझ सकी है गुत्थी। दो दिनों से लगातार प्रयास करने के बावजूद अभी तक पुलिस को कुछ भी सुराग हाथ नहीं लगा है जिसके जरिए अपराधियों तक पहुंचा जा सके और मृतक महिला की पहचान हो सके। गुरुवार को मृतक महिला की शिनाख्त करने और अपराधियों का पता लगाने के लिए डॉग स्क्वॉड को लेकर पुलिस टीम गिरिडीह से नारोटांड़ जंगल पहुंची।
डॉग स्क्वॉड की मदद से अपराधियों का पता लगाने में जुटी हुई है। जांच के दौरान घटना स्थल से एक थ्री फिफ्टीन गोली का खोखा पाया गया है।इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि अपराधियों ने पहले महिला की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद साक्ष्य छिपाने की नीयत से महिला के शव को आग के हवाले कर दिया। गौरतलब है है कि बुधवार को तिसरी प्रखंड के लोकाय नयनपुर थाना क्षेत्र के नारोटांड़ गांव के जंगल में एक अज्ञात महिला का अधजला शव पाया गया था। इसके बाद से ही पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। लोकाय नयनपुर थाना और थानसिंहडीह ओपी की पुलिस उक्त महिला की शिनाख्त करने में जुटी हुई है और अपराधियों को धर दबोचने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। लेकिन अभी तक पुलिस को किसी भी तरह की सफलता हाथ नहीं लगी है।