कतरास की खबरें:-

Advertisements

कतरास की खबरें:-

शिक्षण संस्थानों को विवादों से दूर रखना आवश्यक: विजय कुमार झा

डीएवी के शिक्षकों के लंबित वेतन मामले पर संज्ञान लें प्रशासन

डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद): महान समाज सुधारक स्वामी दयानंद सरस्वती द्वारा स्थापित आर्य समाज की गौरवशाली परंपरा पर आज संकट के बादल मंडरा रहे हैं। कतरासगढ़  स्थित आर्य समाज द्वारा संचालित डीएवी +2 उच्च विद्यालय की बदहाली और शिक्षकों की दुर्दशा को लेकर वियाडा  के पूर्व अध्यक्ष विजय कुमार झा ने कड़ा रुख अपनाया है।
रानी बाजार स्थित अपने आवासीय कार्यालय में गुरुवार को आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने विद्यालय की वर्तमान स्थिति पर गंभीर चिंता व्यक्त की और प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की।
विजय कुमार झा ने बताया कि विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं को पिछले चार महीनों से वेतन नहीं मिला है,  उन्होंने इसे अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि आर्य समाज डीएवी कतरास के विद्यालय का स्थापना 1969 में हुआ था, जो अपने 57 वर्षों के सार्वजनिक जीवन के अनुभव में उन्होंने विद्यालय की ऐसी दयनीय स्थिति पहले कभी नहीं देखी।

संस्थान पर कब्जे की साजिश
विजय झा ने सीधा आरोप लगाया कि कुछ असामाजिक तत्व और निजी स्वार्थी लोग संस्थान पर अवैध कब्जा करने की मंशा रखते हैं। उन्होंने आशंका जताई कि कतरास क्षेत्र के अन्य संस्थानों पर भी इसी तरह गिद्ध दृष्टि डाली जा रही है। ब्लैकमेलिंग और मानसिक प्रताड़ना के जरिए शिक्षण संस्थान के माहौल को दूषित किया जा रहा है, जिससे न केवल शिक्षक बल्कि छात्रों का भविष्य भी अधर में है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा के मंदिरों को निजी स्वार्थ और विवादों से दूर रखना अनिवार्य है। अगर जल्द ही व्यवस्था नहीं सुधारी गई, तो बच्चों के भविष्य के साथ बड़ा खिलवाड़ होगा।
विजय कुमार झा ने जिला प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से इस मामले में तुरंत संज्ञान लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के मार्मिक आवेदन पत्र उनकी पीड़ा को दर्शाते हैं, जिसे नजरअंदाज करना मानवता के खिलाफ है।
मौके पर उदय सिंह, राजेंद्र प्रसाद राजा, गौतम मंडल सहित कई लोग उपस्थित थे।
————————————————


तिलाटांड़ विद्युत कार्यालय में 18 को लगेगा शिविर

कतरास: बिजली से संबंधित समस्याओं के निराकरण को वार्ड नंबर 1 के पार्षद डॉ मधुमाला ने गुरुवार को झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड के महाप्रबंधक सह मुख्य विद्युत अभियंता अशोक कुमार सिन्हा से उनके धनबाद स्थित कार्यालय में मिलीं। पार्षद ने जीएम को ज्ञापन सौंपते हुए स्मार्ट मीटर की समस्या से अवगत कराया। पार्षद ने बताया कि इस संदर्भ में महाप्रबंधक ने आगामी 18 अप्रैल दिन शनिवार को प्रातः 10:30 बजे से 12.30 तक विद्युत आपूर्ति अवर प्रमंडल तिलाटांड  कार्यालय में विद्युत मीटर एवं बिल से संबंधित शिकायत के निस्तारण के लिए कैंप लगाने का भरोसा दिया। पार्षद ने कहा कि उपभोक्ताओं को विद्युत अकाउंट के साथ मोबाइल नंबर पंजीकृत कराना जरूरी है। इसके लिए अपने साथ स्व अभिप्रमाणित आधार कार्ड की फोटो कॉपी और पंजीकृत करने के लिए मोबाइल नंबर लेकर शिविर में आएं।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top