



एगिलस लैब बंद, सदर अस्पताल ने संभाली जांच की जिम्मेदारी
डीजे न्यूज, गिरिडीह : सदर अस्पताल में संचालित एगिलस लेबोरेटरी बीते 31 मार्च से बंद पड़ी है। इस संबंध में सोमवार सुबह नव पदस्थापित सिविल सर्जन डॉ. बच्चा प्रसाद सिंह ने मीडिया को जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि पहले यहां एसआरएल के नाम से लैब संचालित थी, जिसके स्थान पर एगिलस लेबोरेटरी का संचालन शुरू हुआ था। यह सरकारी व्यवस्था के तहत संचालित थी और इसकी सेवा अवधि 31 मार्च तक ही निर्धारित थी, जिसके बाद यह बंद हो गई।

सिविल सर्जन ने कहा कि सदर अस्पताल गिरिडीह की अपनी लैब अब सभी प्रकार की जांच के लिए पूरी तरह सक्षम है। यहां बीपीएल मरीजों को निशुल्क तथा एपीएल मरीजों को किफायती दर पर जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि सदर अस्पताल और चैताडीह मातृत्व अस्पताल दोनों जगह आधुनिक मशीनों के साथ जांच की सुविधा मौजूद है।
हालांकि, उन्होंने स्वीकार किया कि फिलहाल सोनोलॉजिस्ट की कमी है। इसे लेकर अस्पताल प्रबंधन डॉक्टरों के साथ बैठक कर रहा है, ताकि सीमित समय के लिए ही सही, अल्ट्रासाउंड सेवा शुरू की जा सके और मरीजों को सरकार द्वारा तय दरों पर सुविधा मिल सके।



