



गिरिडीह में अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, फुटपाथी दुकानदारों का विरोध
डीजे न्यूज, गिरिडीह : शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा रविवार को व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। यह अभियान अंबेडकर चौक से शुरू होकर टावर चौक, कालीबाड़ी चौक होते हुए कचहरी रोड स्थित सदर अस्पताल गेट तक चला।
अभियान के दौरान सड़क किनारे और फुटपाथ पर अवैध रूप से दुकान लगाकर अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। कई दुकानों को मिनी जेसीबी मशीन की मदद से हटाया गया।


कार्रवाई के बाद प्रभावित दुकानदारों ने विरोध जताया। उनका कहना था कि प्रशासन यदि अतिक्रमण हटाता है तो पहले उनके रोजगार के लिए वैकल्पिक व्यवस्था भी सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि स्थायी समाधान के अभाव में बार-बार कार्रवाई से उनकी आजीविका प्रभावित हो रही है।
इधर भाजपा युवा मोर्चा के नगर अध्यक्ष विवेक गुप्ता ने भी अभियान पर सवाल उठाते हुए कहा कि नगर निगम कुछ चुनिंदा इलाकों में ही कार्रवाई करता है, जो उचित नहीं है।

इस संबंध में सहायक उपनगर आयुक्त अशोक हांसदा ने बताया कि वरीय अधिकारियों के निर्देश पर लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पहले ही दुकानदारों को चेतावनी दी गई थी, लेकिन नहीं मानने पर कार्रवाई की गई।



