



धनबाद ने गिरिडीह को 62 और खूंटी ने जमशेदपुर को चार रनों से हराया
जेएससीए अंतर जिला महिला अंडर-15 क्रिकेट टूर्नामेंट
डीजे न्यूज, धनबाद : धनबाद और खूंटी ने शुक्रवार को जेएससीए अंतर जिला महिला अंडर-15 क्रिकेट टूर्नामेंट में जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की है। टाटा डिगवाडीह स्टेडियम में ग्रुप के मैच में धनबाद ने गिरिडीह को 62 रनों से हराया तो वहीं खूंटी ने रोमांचक रहे मुकाबले में जमशेदपुर को चार रनों से पराजित किया। इसके पहले सुबह दिल्ली पब्लिक स्कूल की प्राचार्य डा. सरिता सिन्हा व उप प्राचार्य कल्याणी प्रसाद ने दोनों टीमों की खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उन्हें टूर्नामेंट में बेहतर प्रदर्शन कर अपने जिले का नाम रोशन करने के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर जेएससीए के कार्यकारिणी सदस्य उत्तम विश्वास, धनबाद क्रिकेट संघ के महासचिव बिनय कुमार सिंह, सहायक कोषाध्यक्ष सुनील कुमार, कृषाणु चक्रवर्ती, मैच रेफरी पप्पू कुमार सिंह, अंपायर वकील अहमद, स्कोरर दीपक कुमार उपस्थित थे।

दिन के पहले मैच में गिरिडीह ने टास जीता और धनबाद को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। धनबाद ने निर्धारित 20 ओवरों में पांच विकेट पर 159 रन बनाए। इसमें रिया कुमारी यादव ने 31, श्वेता कुमारी ने 16, मेहर नाज ने 14 और सुषमा कुमारी ने 12 रन बनाए। गिरिडीह की पूजा कुमारी ने 13 रन पर तीन विकेट चटकाए। वहीं बाद में गिरिडीह की टीम निर्धारित ओवरों में पांच विकेट पर 97 रन ही बना सकी। सुभाषा गोराई ने 19 और आशी सिमर ने 14 रन बनाए। धनबाद के लिए रिया कुमारी यादव ने सात रन पर दो विकेट लिए। इसके अलावा श्वेता कुमारी, सुमन कुमारी, बैभवी ने एक-एक विकेट लिए। प्लेयर आफ द मैच रिया कुमारी यादव चुनी गईं।
वहीं दूसरे मैच में खूंटी ने जमशेदपुर के विरुद्ध टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में चार विकेट पर 151 रन बनाए। कशिश ने 44, दिव्या कुमारी ने 37 और अनुषा गुप्ता ने 11 रन बनाए। जमशेदपुर की सृष्टि कुमारी ने 24 पर दो विकेट लिए। इसके अलावा भाव्या ठाकुर और इशिका सिंह को एक-एक विकेट मिला। बाद में जमशेदपुर के बल्लेबाजों ने लक्ष्य हासिल करने के लिए कड़ा संघर्ष किया, लेकिन टीम जीत के लक्ष्य से पांच रन दूर रह गई। उसकी टीम दो विकेट पर 147 रन ही बना सकी। जास्मीन झा ने 58 रनों की अर्धशतकीय अविजित पारी खेलने में सफल रहीं, लेकिन यह पारी टीम को जीत नहीं दिला सकीं। ऋतिका कुमारी ने 35 रन बनाए। वहीं खूंटी की कशिश और अनुष्का ने एक-एक विकेट लिए। कशिश प्लेयर आफ द मैच चुनी गईं।


