रामनवमी पर ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति, सुरक्षा चक्र में धनबाद डीजे, हथियार और भड़काऊ नारे पूरी तरह प्रतिबंधित, उल्लंघन पर लाइसेंस रद्द, होगी जेल ड्रोन निगरानी, फ्लैग मार्च और साइबर वॉच—हर गतिविधि पर पुलिस की पैनी नजर जुलूस में 100 लोगों की सीमा तय, कमिटी कराएगी वीडियोग्राफी

Advertisements

रामनवमी पर ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति, सुरक्षा चक्र में धनबाद

डीजे, हथियार और भड़काऊ नारे पूरी तरह प्रतिबंधित, उल्लंघन पर लाइसेंस रद्द, होगी जेल

ड्रोन निगरानी, फ्लैग मार्च और साइबर वॉच—हर गतिविधि पर पुलिस की पैनी नजर

जुलूस में 100 लोगों की सीमा तय, कमिटी कराएगी वीडियोग्राफी

डीजे न्यूज, धनबाद: रामनवमी के पावन पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए धनबाद पुलिस पूरी तरह सतर्क और सक्रिय नजर आ रहा है। एसएसपी प्रभात कुमार द्वारा जारी विस्तृत दिशानिर्देशों ने साफ कर दिया है कि इस बार किसी भी तरह की लापरवाही या नियमों के उल्लंघन को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

पुलिस द्वारा जारी निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि सभी अखाड़ा और जुलूस केवल लाइसेंस में निर्धारित मार्ग से ही गुजरेंगे। मार्ग में किसी भी प्रकार का बदलाव सख्ती से प्रतिबंधित रहेगा। इसके साथ ही प्रत्येक अखाड़ा दल में अधिकतम 100 लोगों की ही अनुमति दी गई है, ताकि भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाया जा सके।

सुरक्षा के लिहाज से इस बार पहचान और निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। सभी अखाड़ा समितियों को 20-20 वॉलेंटियर्स की सूची तैयार कर उनके नाम, मोबाइल नंबर और फोटोयुक्त पहचान पत्र संबंधित थानों में जमा करना अनिवार्य किया गया है। वहीं, जुलूस में शामिल प्रत्येक सदस्य को भी पहचान पत्र जारी करना होगा, जिससे पहचान सुनिश्चित कर किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई संभव हो सके।

इसके अलावा, अखाडा कमिटी द्वारा पूरे जुलूस की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी अनिवार्य कर दी गई है, ताकि हर गतिविधि रिकॉर्ड में रहे और आवश्यकता पड़ने पर उसका उपयोग किया जा सके।

एसएसपी  प्रभात कुमार ने स्पष्ट रूप से निर्देश दिया है कि जुलूस के दौरान किसी भी धर्म या समुदाय की भावनाओं को आहत करने वाले गीत, संगीत या नारे नहीं लगाए जाएंगे। अश्लील या आपत्तिजनक गानों पर भी पूरी तरह रोक लगा दी गई है। उलंघन करने वालों पर मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा जाएगा।

इस बार डीजे के उपयोग पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया है। यदि कोई समिति डीजे का इस्तेमाल करती पाई जाती है, तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ लाइसेंस भी रद्द किया जा सकता है। इसके साथ ही, जुलूस के दौरान किसी भी प्रकार के हथियारों के प्रदर्शन या खतरनाक करतबों पर भी पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए पुलिस द्वारा जुलूस मार्गों का भौतिक सत्यापन किया जा रहा है। संवेदनशील इलाकों में ड्रोन के माध्यम से निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।

जिले के सभी थाना क्षेत्रों में लगातार फ्लैग मार्च किया जा रहा है। पुलिस असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर बनाए हुए है और उन्हें चिन्हित कर पहले से ही आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए पुलिस की साइबर सेल और मीडिया सेल सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कड़ी निगरानी रख रही है। किसी भी प्रकार के भड़काऊ, अफवाह फैलाने वाले या आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

राम नवमी के दौरान अवैध शराब और मादक पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। सभी थाना प्रभारियों को ऐसे कारोबारियों को चिन्हित कर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

जुलूस के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है। प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

पुलिस ने सभी नागरिकों और अखाड़ा समितियों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और इस पावन पर्व को शांति, भाईचारे और अनुशासन के साथ मनाएं। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि सहयोग करने वालों का सम्मान होगा, लेकिन नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तय है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top