




जाति और वर्ग से ऊपर उठकर साझा हिंदू पहचान मजबूत करें : अनिल ठाकुर
गिरिडीह में सनातन हिंदू सम्मेलन आयोजित, हिंदू एकजुटता पर बल
डीजे न्यूज, गिरिडीह : सकल हिंदू समाज की ओर से रविवार को सनातन हिंदू सम्मेलन का आयोजन सीएच ग्राउंड में संपन्न हुआ। सम्मेलन में बड़ी संख्या में हिंदू समाज के लोगों ने भाग लेकर सनातन संस्कृति और सामाजिक एकता का संदेश दिया।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता क्षेत्र संपर्क प्रमुख(उत्तर-पूर्व क्षेत्र) अनिल ठाकुर एवं गुरु मां शांति भवन मकतपुर उपस्थित थे।मंच संचालन स्वाति सिन्हा एवं बिरेन्द्र ने किया। कार्यक्रम में गीता पाठ, प्रश्नोत्तरी, हनुमान चालीसा पाठ एवं आकर्षक भाव-नृत्य प्रस्तुत किया गया। इस मौके पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए अनिल ठाकुर ने कहा कि हिंदू सम्मेलन का उद्देश्य सनातन संस्कृति का संरक्षण, हिंदू समाज को एकजुट करना और संगठन ही शक्ति है का संदेश जन-जन तक पहुँचाना है। संघ अपनी शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में देश भर में इस प्रकार के सम्मेलनों का आयोजन कर समाज के हर वर्ग से संवाद स्थापित कर रहा है। सम्मेलन में जाति-पाति के भेदभाव को समाप्त कर जाति और वर्ग से ऊपर उठकर एक साझा हिंदू पहचान को मजबूत करने का आह्वान किया गया। साथ ही युवाओं को सनातन मूल्यों, परंपराओं और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।

कहा कि जब हिंदू समाज एकजुट होता है, तब इतिहास बदलता है। एकता ही शक्ति है और शक्ति ही राष्ट्र निर्माण का आधार है। कार्यक्रम को सफल बनाने में मुकेश रंजन सिंह प्रांत कार्यवाह, जिला कार्यवाह निरंजन, सोनू गुप्ता, मनीष बरनवाल, पूनम बरनवाल, सुजीत भदानी, विजय गोप, आयुष, पंकज तर्वे, दीपक डंगायच, अमित कुमार, शिव गौरव पांडेय, प्रेमचंद बरनवाल, मनीष कुमार गुप्ता, राजीव कुमार, संजय कुमार, दीपक कुमार, संतोष गुप्ता की भूमिका सराहनीय रही।



