




बेंगाबाद पुलिस ने बाइक चोरों के गिरोह का किया पर्दाफाश
चोरी की बाइक के साथ एक गिरफ्तार, निशानदेही पर दो और चोरी की बाइक बरामद
डीजे न्यूज, बेगाबाद (गिरिडीह) : बेगाबाद पुलिस ने चोरी की बाइक के साथ एक अपराधी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं उसकी निशानदेही पर दो अन्य चोरी की बाइक भी बरामद की गई है। इस संबंध में बुधवार को थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ जितवाहन उरांव ने पूरी जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि बीते 13 मार्च को थाना क्षेत्र के दिघरियाखर्द निवासी बुधूलाल चौड़े की होंडा बाइक उसके घर के बाहर से दोपहर में अज्ञात चोर द्वारा चोरी कर ली गई थी। इस मामले में पीड़ित ने 15 मार्च को बेगाबाद थाना में लिखित आवेदन दिया था, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान मंगलवार को गिरिडीह आरक्षी अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली कि गिरिडीह-गांडेय पथ पर एक युवक चोरी की बाइक के साथ जा रहा है। सूचना मिलते ही बेगाबाद थाना प्रभारी को अवगत कराया गया। थाना प्रभारी के नेतृत्व में टीम गठित कर उक्त मार्ग पर छापेमारी की गई, जहां चोरी की बाइक के साथ एक युवक को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार युवक की पहचान गांडेय थाना क्षेत्र के शितलाटांड निवासी साबीर अंसारी के रूप में हुई। थाना लाकर पूछताछ करने पर उसने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसने बताया कि एक अन्य युवक के साथ मिलकर बाइक चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था।
साबिर अंसारी की निशानदेही पर बहादुरपुर गांव से चोरी की दो और बाइक बरामद की गई। पुलिस के अनुसार, इन बाइकों को यहां बेचने की तैयारी थी और कागजात देने के नाम पर टालमटोल किया जा रहा था।
एसडीपीओ जितवाहन उरांव ने बताया कि पूछताछ में बाइक चोरी की अन्य घटनाओं के बारे में भी जानकारी मिली है और जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बेगाबाद पुलिस ने कम समय में मामले का सफल उद्भेदन किया है, जिसके लिए टीम को पुरस्कृत करने की अनुशंसा की जाएगी।
छापेमारी दल में थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह, एसआई विजय मौडल, एसआई उदय नारायण सिंह, सुनील तिर्की सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।



