




फर्जी कस्टमर केयर बनकर ठगी करने वाले आधा दर्जन साइबर अपराधी गिरफ्तार
जामताड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई
डीजे न्यूज, जामताड़ा : गूगल पर फर्जी कस्टमर केयर नंबर डालकर लोगों को झांसे में लेना, मोबाइल में रिमोट ऐप डाउनलोड करवाकर बैंक डिटेल हासिल करना और फिर खाते से पैसे उड़ा देना—इसी शातिर तरीके से पूरे देश में साइबर ठगी कर रहे गिरोह का जामताड़ा पुलिस ने भंडाफोड़ किया है।
पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर अपराध थाना जामताड़ा की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पु०नि० अमृत कुमार राम के नेतृत्व में करमाटांड़ थाना क्षेत्र के काजरा से शिमला जाने वाली पक्की सड़क के किनारे पदमडीह गांव स्थित टांड़ में की गई।
छापेमारी टीम में पु०नि० नितिश कुमार, पु0अ0नि0 कुन्दन कुमार वर्मा, पु0अ0नि0 बिनोद सिंह, स०अ०नि० ईश्वर मरांडी सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। सभी आरोपियों को साइबर अपराध करते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया।
गिरफ्तार अपराधियों में (1) उज्जवल कुमार शाही, उम्र 26 वर्ष, पिता अरूण कुमार साही, ग्राम रघुनाथपुर, (2) राजेन्द्र मंडल, उम्र 33 वर्ष, पिता नागेश्वर मंडल, ग्राम ताराबहाल, (3) राजकिशोर शाही, उम्र 49 वर्ष, पिता स्व० मथुरा शाही, ग्राम रघुनाथपुर, (4) अजीत कुमार मंडल, उम्र 28 वर्ष, पिता भिख मंडल, ग्राम फोफनाद, वर्तमान पता ग्राम ताराबहाल, (5) अमित कुमार शाही, उम्र 19 वर्ष, पिता नवल किशोर शाही, ग्राम रघुनाथपुर, (6) कुन्दन कुमार मंडल, उम्र 25 वर्ष, पिता राधे मंडल, ग्राम ताराबहाल, सभी थाना करमाटाड़, जिला जामताड़ा शामिल हैं।

पुलिस ने इनके पास से 13 मोबाइल, 18 सिम कार्ड, 1 लैपटॉप और 4 मोटरसाइकिल बरामद की है। इस संबंध में जामताड़ा साइबर अपराध थाना कांड संख्या 17/26, दिनांक 18.03.2026 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
अपराध का तरीका:
ये साइबर अपराधी गूगल पर विभिन्न ई-कॉमर्स, ई-पेमेंट और उपभोक्ता कंपनियों के कस्टमर केयर नंबर के रूप में अपना फर्जी मोबाइल नंबर अपलोड करते थे। जब कोई ग्राहक समस्या के समाधान के लिए कॉल करता था, तो ये खुद को कंपनी का अधिकारी बताकर उसे झांसे में लेते थे।
इसके बाद ग्राहकों को Quick Support और AnyDesk जैसे मोबाइल स्क्रीन शेयरिंग ऐप डाउनलोड करवाते थे और उनके माध्यम से बैंक से जुड़ी गोपनीय जानकारी हासिल कर खाते से पैसे की निकासी कर लेते थे।
पुलिस के अनुसार, इस गिरोह का कार्यक्षेत्र पूरे भारत में फैला हुआ था और ये लंबे समय से लोगों को ठगी का शिकार बना रहे थे। फिलहाल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।



