




वन भूमि की जमीन पर बसे भूमिहीनों को पट्टा उपलब्ध कराएं सरकार: विधायक चंद्रदेव
डीजे न्यूज, बलियापुर(धनबाद):सिंदरी के विधायक चंद्रदेव महतो ने बुधवार को विधानसभा में वन भूमि की जमीन पर बसे भूमिहीनों का मुद्दा उठाया। विधायक ने आजादी से पूर्व से रह रहे भूमिहीनों को सरकार द्वारा जमीन का पट्टा उपलब्ध करवाने की मांग की। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष का ध्यान आकृष्ट कराते हुए कहा कि आजादी से पूर्व से रहने वाले भूमिहीन व्यक्ति जो वन भूमि की जमीन पर रह रहे हैं वैसे लोग जब भी प्रधानमंत्री आवास या फिर अबुआ आवास निर्माण का कार्य करते हैं तो वन विभाग कार्रवाई कर देती है। अनेक ऐसे लोग है जिनके खिलाफ वन विभाग द्वारा मुकदमा दायर कर देने से कानूनी प्रक्रिया की लड़ाई लड़ रहे हैं। विधायक ने सरकार से वैसे भूमिहीन लोगों को कैंप लगाकर जमीन का पट्टा उपलब्ध करवाने की मांग की। विधायक ने कहा कि बलियापुर प्रखंड के शिवपुर एवं पहाड़पुर गांव में ऐसे कई मामले हैं जिन्हें अभी तक जमीन का पट्टा नहीं दिया गया है।
मामले पर वन मंत्री ने सरकार के वन पट्टा योजना के तहत मामले पर शीघ्र अनुकूल कार्रवाई करने तथा लोक अदालत लगाकर लोगों को मुकदमे से राहत दिलाने का आश्वासन दिया है।



