




आंगनबाड़ी केंद्र के छत का प्लास्टर गिरा, बाल-बाल बचे बच्चे
डीजे न्यूज, बलियापुर(धनबाद): बाघमारा पंचायत के आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 4 के भवन के छत का प्लास्टर टूट कर गिर गया। इस घटना में बेंच आदि क्षतिग्रस्त हो गया। संयोग ही था कि घटना के समय कमरे में बच्चे नहीं थे, अन्यथा बड़ी घटना से इंकार नहीं किया जा सकता है। सेविका ज्योति कुमारी ने बताया कि बच्चों को खाना खिलाने के बाद घर जाने को कहा। वह स्वयं भी प्रखंड कार्यालय जाने के लिए निकल गई । उस समय केंद्र में सहायिका मामूनी रविदास मौजूद थी। बताया कि इसके बाद छत के प्लास्टर का बड़ा हिस्सा भरभराकर गिर गया। घटना के बाद अभिभावक डर के मारे बच्चों को केंद्र भेजने से कतरा रहे हैं। लोगों का कहना है कि जब तक क्षतिग्रस्त छत की मरम्मती नहीं हो जाती या वैकल्पिक तौर पर दूसरी जगह कक्षा नहीं लिया जाता, बच्चों को केंद्र नहीं भेजेंगे।
मुखिया कल्पना गोराय व पूर्व मुखिया संजीत गोराय ने केंद्र पहुंचकर स्थिति की जानकारी ली। सेविका ज्योति कुमारी ने इस संबंध में बलियापुर की सीडीपीओ को आवेदन देकर इसकी जानकारी दी है। विभाग की पर्यवेक्षका मुसर्रत नसिर ने सेबिका के आवेदन पर क्षतिग्रस्त प्लास्टर की मरम्मती यथाशीघ्र करने की अनुशंसा की है।



