



डंप एवं बेंच स्लोप स्टेबिलिटी पर विशेषज्ञों ने साझा किए तकनीकी पहलू 
बस्ताकोला क्लब में खान सुरक्षा पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
डीजे न्यूज, तिसरा(धनबाद) : बस्ताकोला क्षेत्र के बस्ताकोला क्लब में खान सुरक्षा महानिदेशालय (डीजीएमएस) के तत्वावधान में मंगलवार को “डंप तथा बेंच स्लोप स्टेबिलिटी एवं मॉनिटरिंग” विषय पर एक सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम में खान सुरक्षा महानिदेशालय से डॉ सागेष कुमार एम.आर, खान सुरक्षा निदेशक, क्षेत्र संख्या 2, राहुल पुरोहित, खान सुरक्षा उपनिदेशक, क्षेत्र संख्या 2, बस्ताकोला क्षेत्र के महाप्रबंधक एस के गायकवाड़, महाप्रबंधक सुरक्षा एवं बचाव संजय कुमार सिंह, बीसीसीएल मुख्यालय से ISO के अधिकारीगण, विभिन्न एरिया के अधिकारीगण, बस्ताकोला क्षेत्र से एजीएम अशोक शर्मा, एरिया सुरक्षा अधिकारी अजय कुमार, बस्ताकोला क्षेत्र के अंतर्गत संचालित तीनों उत्पादक खदानों के अधिकारी, अन्य अधिकारीगण, श्रमिक संगठन के पदाधिकारी एवं पिट सुरक्षा समिति के सभी सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन बस्ताकोला कोलियरी के प्रबंधक अभिषेक शर्मा द्वारा किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ बस्ताकोला क्षेत्र के महाप्रबंधक के प्रेरणादायक उद्बोधन से हुआ। इसके पश्चात तीनों कोलियरियों के सुरक्षा अधिकारियों द्वारा अपने-अपने खदानों में बेंच तथा डंप स्लोप स्टेबिलिटी पर आधारित पावर-पॉइंट प्रस्तुति दी गई, जिसमें विस्तृत तकनीकी पहलुओं का विवेचन किया गया।
इसके बाद ISO अधिकारी संजय तलमले एवं खान सुरक्षा महानिदेशालय से आए डिप्टी डायरेक्टर राहुल पुरोहित ने डंप एवं बेंच स्लोप स्थिरता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उपस्थित प्रतिभागियों को PPT के माध्यम से जागरूक किया तथा संबंधित नियमों एवं विनियमों की विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम में उपस्थित कंपनी सेफ्टी बोर्ड मेंबर एम. पाल एवं विभिन्न श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की कार्यशाला से 90-95 की संख्या में उपस्थित लोग लाभान्वित हुए।
समापन सत्र में DGMS के डायरेक्टर डॉ सागेष कुमार एम आर ने खदानों में वर्तमान चुनौतियों एवं भविष्य की रणनीतियों पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने कार्यक्रम की सराहना करते हुए क्षेत्रीय सुरक्षा अधिकारी को बधाई दी और कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम नियमित अंतराल पर आयोजित किए जाने चाहिए तथा डंप एवं स्लोप स्थिरता से जुड़े अधिकारियों के लिए समय-समय पर प्रशिक्षण सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है।
अंत में बस्ताकोला क्षेत्र के एजीएम अशोक शर्मा द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया और कार्यक्रम की औपचारिक समाप्ति की घोषणा की गई।



