



आंगनबाड़ी निर्माण में अनियमितता, आक्रोशित ग्रामीणों ने कराया काम बंद 
हंगामा देख थानेदार और मुखिया पहुंचे, संवेदक को फटकार
डीजे न्यूज, पूर्वी टुंडी(धनबाद) : लटानी पंचायत के रंजीतपुर में लगभग 10 लाख रुपए की लागत से बन रहे आंगनबाड़ी केंद्र के निर्माण कार्य में भारी अनियमितता बरती जा रही है। इससे भड़के ग्रामीणों ने मंगलवार को कार्यस्थल पर पहुंचकर विरोध जताया और काम रोक दिया। ग्रामीणों का कहना है कि आंगनबाड़ी भवन के निर्माण कार्य बहुत ही घटिया तरीके से और मनमानी तरीके से काम किया जा रहा है। गुणवत्ता से खिलवाड़ कर संवेदक और मिस्त्री द्वारा कार्य किया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि विकास कार्य प्राक्कलन के अनुसार होना चाहिए। संवेदक और मिस्त्री जैसे तैसे काम कर यहां से चले जाएंगे जिसका खामियाजा छोटे-छोटे बच्चों और ग्रामीणों को भुगतना पड़ेगा।
ग्रामीणों द्वारा हो-हंगामा और विरोध की सूचना पर लटानी पंचायत के मुखिया मो ऐनुल हक और पूर्वी टुंडी थाना प्रभारी नीतीश कुमार भी दल-बल के साथ कार्यस्थल पहुंचे और संवेदक को फटकार लगाई। थानेदार व मुखिया ने संवेदक को प्राक्कलन के अनुसार ही काम करने का निर्देश दिया।इस संबंध में विभाग के कनीय अभियंता गौतम कुमार महतो को सूचना दी गई तो उन्होंने बुधवार को आकर कार्य की गुणवत्ता का निरीक्षण करते हुए आगे काम करवाने की बात कही।



