भूली-झारखंड मोड़ के पास 8 लेन सड़क फिर धंसी निर्माण गुणवत्ता पर उठे सवाल

Advertisements

भूली-झारखंड मोड़ के पास 8 लेन सड़क फिर धंसी

निर्माण गुणवत्ता पर उठे सवाल

डीजे न्यूज, धनबाद: राज्य की पहली और एकमात्र 8 लेन सड़क एक बार फिर सवालों के घेरे में है। भूली–झारखंड मोड़ स्थित क्रेशर के पास 8 लेन सड़क के सर्विस रोड में‌ मंगलवार को अचानक बड़ा गड्ढा बन गया है, जिससे आवागमन पूरी तरह से खतरे में पड़ गया है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क का एक हिस्सा अचानक धंस गया और कुछ ही देर में यह गड्ढा बेहद गहरा और जानलेवा बन गया। लोग इस रास्ते से गुजरने में डर महसूस कर रहे हैं और किसी भी वक्त बड़े हादसे की आशंका जता रहे हैं।

इस घटना के पीछे भूमिगत पाइपलाइन के टूटने की आशंका जताई जा रही है। माना जा रहा है कि पाइपलाइन में लीकेज की वजह से जमीन अंदर से कमजोर हो गई, जिसके चलते सड़क का हिस्सा धंस गया।

गौरतलब है कि यह सड़क करीब 400 करोड़ रुपये की लागत से बनाई गई थी, जिसमें विश्व बैंक की सहायता भी शामिल रही है। इसके बावजूद बार-बार सड़क धंसने की घटनाएं निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं।

यह पहली बार नहीं है जब इस सड़क पर इस तरह की घटना हुई हो। इससे पहले भी कई बार इसी स्थान पर “गोफ” बन चुका है, लेकिन हर बार अस्थायी मरम्मत कर मामले को टाल दिया गया। स्थायी समाधान आज तक नहीं निकल सका है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कर सुरक्षित यातायात बहाल किया जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top