




रेल बजट: सांसद ढुलू ने मजबूती से उठाया धनबाद और कोयलांचल की आवाज़
नई ट्रेनें, सुरक्षा और शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर हुई चर्चा
डीजे न्यूज, धनबाद: सांसद ढुलू महतो ने लोकसभा में वित्तीय वर्ष 2026–27 के रेल बजट की अनुदान मांगों पर चर्चा में भाग लेते हुए धनबाद एवं कोयलांचल क्षेत्र से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को मजबूती के साथ सदन में उठाया। उन्होंने भारतीय रेलवे में हो रहे व्यापक बदलावों और आधुनिकीकरण के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व तथा रेल मंत्रालय के प्रयासों की सराहना करते हुए धनबाद क्षेत्र के विकास से जुड़ी कई आवश्यक मांगों को सदन के समक्ष रखा।
भारतीय रेलवे की रीढ़ बना धनबाद रेल मंडल
सांसद ढुलू महतो ने अपने संबोधन में कहा कि धनबाद रेल मंडल भारतीय रेलवे के सबसे महत्वपूर्ण और राजस्व देने वाले मंडलों में से एक है। इस मंडल ने 190.16 मिलियन टन माल ढुलाई के साथ लगातार तीसरी बार सर्वाधिक माल परिवहन का रिकॉर्ड बनाया है।
उन्होंने कहा कि ₹24,964 करोड़ के राजस्व के साथ धनबाद रेल मंडल पूरे भारतीय रेलवे का सर्वाधिक राजस्व अर्जित करने वाला मंडल बन गया है। यह उपलब्धि कोयलांचल के श्रमिकों की मेहनत का परिणाम है और देश की ऊर्जा सुरक्षा को सुदृढ़ करने में इस क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका को दर्शाती है।
धनबाद को स्वतंत्र रेलवे जोन बनाने की मांग
सांसद महतो ने कहा कि इतनी बड़ी उपलब्धियों के बावजूद धनबाद रेल मंडल आज भी प्रशासनिक जटिलताओं का सामना कर रहा है। वर्तमान में यह मंडल पूर्व मध्य रेल (ECR), पूर्व रेल (ER) और दक्षिण पूर्व रेल (SER) के प्रशासनिक ढांचे के बीच संचालित हो रहा है, जिससे कई विकासात्मक निर्णयों में अनावश्यक विलंब होता है।
उन्होंने मांग की कि धनबाद के औद्योगिक, भौगोलिक और रणनीतिक महत्व को देखते हुए इसे एक स्वतंत्र रेलवे जोन के रूप में विकसित किया जाए, ताकि क्षेत्र से जुड़े निर्णय स्थानीय स्तर पर शीघ्र लिए जा सकें।
मेगा कोचिंग टर्मिनल योजना में धनबाद को शामिल करने की मांग
सांसद ढुलू महतो ने कहा कि सरकार द्वारा देश के प्रमुख स्टेशनों के विकास के लिए मेगा कोचिंग टर्मिनल योजना शुरू की गई है, लेकिन सभी मानकों को पूरा करने के बावजूद धनबाद स्टेशन को इस योजना में शामिल नहीं किया गया है।
उन्होंने रेल मंत्री से आग्रह किया कि धनबाद स्टेशन को इस महत्वपूर्ण योजना में शामिल किया जाए, ताकि यहां से लंबी दूरी की नई ट्रेनों के संचालन और यात्री सुविधाओं का विस्तार संभव हो सके।
स्पेशल ट्रेनों को नियमित सेवा में बदलने की मांग
सांसद महतो ने कहा कि धनबाद से चलने वाली कई महत्वपूर्ण ट्रेनें वर्षों से ‘स्पेशल’ श्रेणी में संचालित हो रही हैं, जिसके कारण यात्रियों से लगभग 30 प्रतिशत अधिक किराया लिया जाता है। उन्होंने धनबाद–भुवनेश्वर ट्रेन को नियमित सेवा में परिवर्तित करने की मांग की।
इसके साथ ही धनबाद–एलटीटी मुंबई तथा धनबाद–जम्मू तवी ट्रेनों को स्थायी दर्जा देने और जम्मू तवी सेवा का विस्तार श्री माता वैष्णो देवी कटरा तक करने का भी आग्रह किया।
रेल सुरक्षा और आधारभूत ढांचे को लेकर उठाए अहम मुद्दे
सांसद ढुलू महतो ने धनबाद–गोमो–गया रेल खंड पर स्थित जर्जर रेल पुल की स्थिति पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए इसके शीघ्र पुनर्निर्माण तथा सड़क भाग के चौड़ीकरण के लिए राष्ट्रीय रेल संरक्षा कोष (RRSK) से विशेष बजट आवंटित करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि यह पुल क्षेत्र के रेल और सड़क दोनों परिवहन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसकी सुरक्षा सुनिश्चित करना आवश्यक है।
कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए नई पहल का सुझाव
सांसद महतो ने अगरतला–देवघर एक्सप्रेस का विस्तार धनबाद तक करने और इसकी आवृत्ति बढ़ाने का सुझाव दिया, जिससे झारखंड और पूर्वोत्तर भारत के बीच संपर्क और मजबूत हो सके।
इसके साथ ही उन्होंने वर्तमान में संबलपुर में लंबे समय तक खड़ी रहने वाली नागावली सुपरफास्ट एक्सप्रेस का विस्तार धनबाद तक करने का भी प्रस्ताव रखा, जिससे दक्षिण भारत से कोयलांचल का सीधा संपर्क स्थापित हो सके।
गोमो में मेमू शेड और वंदे भारत एक्सप्रेस के ठहराव की मांग
सांसद ढुलू महतो ने कहा कि गोमो (NSCB जंक्शन) एक ऐतिहासिक और रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण स्टेशन है। यहां मेमू शेड की स्थापना होने से परिचालन क्षमता में वृद्धि होगी और रखरखाव के लिए अन्य स्थानों पर निर्भरता कम होगी।
उन्होंने यह भी मांग की कि गोमो स्टेशन पर वंदे भारत एक्सप्रेस का ठहराव सुनिश्चित किया जाए।
सेल द्वारा स्कूल बंद किए जाने का मुद्दा उठाया
सांसद ढुलू महतो ने लोकसभा में एक अन्य प्रश्न के माध्यम से बोकारो में सेल द्वारा संचालित लगभग 18 स्कूलों को बंद किए जाने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि इससे बच्चों की शिक्षा और अभिभावकों पर आर्थिक बोझ बढ़ने की आशंका है।
उन्होंने सरकार से इस विषय पर गंभीरता से विचार कर बच्चों की शिक्षा को सुरक्षित रखने की दिशा में उचित कदम उठाने का आग्रह किया।
धनबाद को यात्री सुविधाओं के विकास का मॉडल बनाने की मांग
अपने संबोधन के अंत में सांसद ढुलू महतो ने कहा कि जो रेल मंडल भारतीय रेलवे को सर्वाधिक राजस्व देता है, उसे यात्री सुविधाओं और आधारभूत ढांचे के विकास का भी एक आदर्श मॉडल बनाया जाना चाहिए।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि रेल मंत्रालय धनबाद और कोयलांचल क्षेत्र से जुड़ी इन महत्वपूर्ण मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेगा।



