




लटानी में फंदे से लटकता मिला विवाहिता का शव, पति हिरासत में
ससुराल पक्ष का कहना-पति से विवाद के बाद दी जान, मायके पक्ष का कहना-पति ने ली है जान, पुलिस का कहना-पोस्टमार्टम के बाद पता चलेगा हत्या या आत्महत्या
डीजे न्यूज, पूर्वी टुंडी(धनबाद) : लटानी पंचायत के फतेहपुर गांव में एक बच्चे की मां ने अपने पति से हुए विवाद के बाद फांसी लगाकर जान दे दी। घटना के बाद मृतका के मायके वालों ने हत्या की आशंका जताई है और मृतका के पति को आरोपी करार देते हुए पूर्वी टुंडी थाना में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार की देर शाम को फतेहपुर गांव के उज्ज्वल धीवर का किसी बात को लेकर अपनी पत्नी शंकुतला देवी (25) के साथ विवाद हो गया। विवाद के बाद उज्जवल गुस्से से घर से बाहर निकल गया जबकि उसकी पत्नी ने खपरैल मकान के कमरे में घुसकर अंदर से दरवाजा बंद कर ली और फंदे से झूल गई। काफी देर तक जब उसने दरवाजा नहीं खोला तो घर के सदस्यों को शक हुआ और पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा तो सभी दंग रह गए। फिर आनन फानन में महिला को एसएनएमएमसीएच ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका का मायके बाट-बिनौर(चंदनकियारी) है। मृतका के मायके वालों ने बताया कि घटना रविवार रात की है लेकिन खबर सोमवार सुबह को उन्हें दी गई। घटना की खबर सुनकर मृतका के मायके वाले फतेहपुर गांव पहुंचे और ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया। पूर्वी टुंडी थाना पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए एसएनएमएमसीएच धनबाद भेज दिया। इधर पूर्वी टुंडी पुलिस मृतका के मायके वालों द्वारा दिये गये शिकायत के आधार पर आरोपी पति उज्जवल धीवर को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। शंकुतला देवी की शादी लगभग चार वर्ष पूर्व हुई थी। उसे एक दो साल का पुत्र है। थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने बताया कि शिकायत दर्ज की गई है और मामले की छानबीन की जा रही है। मामला हत्या है या आत्महत्या इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पायेगा।



