बेलगड़िया के करण कुमार का सिंगिंग रियलिटी शो “माटी के लाल सुपरस्टार” में चयन

Advertisements

बेलगड़िया के करण कुमार का सिंगिंग रियलिटी शो “माटी के लाल सुपरस्टार” में चयन

डीजे न्यूज़ तिसरा,धनबाद : 

बलियापुर प्रखंड स्थित बेलगड़िया कॉलोनी के रहने वाले करण कुमार ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। करण का चयन सिंगिंग रियलिटी शो “माटी के लाल सुपरस्टार” के लिए हुआ है, जिससे इलाके में खुशी और गर्व का माहौल है।

करण कुमार एक बेहद साधारण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से आते हैं। उनके पिता मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं, जबकि उनकी मां गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद करण ने संगीत के प्रति अपने जुनून को कभी कम नहीं होने दिया और कठिन परिस्थितियों में भी अपने सपनों को जिंदा रखा।

बताया जाता है कि करण को बचपन से ही गायन में गहरी रुचि थी और वे स्थानीय कार्यक्रमों में अपनी आवाज से लोगों का दिल जीतते रहे हैं। अब इस बड़े मंच पर उनका चयन होने से न सिर्फ परिवार बल्कि पूरे बलियापुर और धनबाद जिले के लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई है।

करण कुमार ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता के संघर्ष और आशीर्वाद को दिया है। उन्होंने कहा कि आगे भी वे पूरी मेहनत और समर्पण के साथ प्रदर्शन कर जिले और राज्य का नाम रोशन करने की कोशिश करेंगे। करण की इस उपलब्धि से बेलगड़िया कॉलोनी में जश्न का माहौल है और लोग उन्हें बधाइयां दे रहे हैं।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top