



पिकअप वैन और बाइक में टक्कर, एक जख्मी
राजगंज के महेशपुर का मामला
डीजे न्यूज, राजगंज(धनबाद): राजगंज थाना क्षेत्र के महेशपुर मोड़ के समीप रविवार को तेज रफ्तार बाइक पिकअप वैन से टकरा गई। घटना में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए धनबाद भेजा गया है।
घटना के संबंध में बताया जाता है कि तेज रफ्तार रॉयल एनफील्ड बाइक (JH10DA 2004) विपरीत दिशा से आ रही एक पिकअप वैन से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप वैन का अगला हिस्सा और बाइक दोनों बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मालवाहक पिकअप वैन दूसरी सड़क की ओर मुड़ने की कोशिश कर रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक सीधे जाकर पिकअप वैन से भिड़ गई। टक्कर के बाद बाइक सवार उछलकर दूसरी लेन में खड़े एक ट्रक के पिछले पहिए के नीचे जा गिरा, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बाइक सवार का हेलमेट चकनाचूर होकर सड़क पर बिखर गया और उसका सिर बुरी तरह कुचल गया। ट्रक के पहिए में युवक के बाल फंसे हुए पाए गए।

घटना की सूचना मिलते ही राजगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वैन तथा बाइक को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने सड़क को सुचारू कराया और मामले की जांच में जुट गई है।



