



फूड सेफ्टी विभाग ने जब्त की 14 सौ किलो मिलावटी पनीर और घी
बिहार से बस के जरिए लाया जा रहा था धनबाद
डीजे न्यूज, धनबाद: धनबाद में मिलावटी खाद्य पदार्थों के सौदागरों के खिलाफ प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। त्योहारों और आम दिनों में लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों पर नकेल कसते हुए फूड सेफ्टी विभाग ने भारी मात्रा में नकली पनीर और घी की खेप पकड़ी है।
मामला धनबाद के पूजा टॉकीज इलाके का है। गुरुवार तड़के फूड सेफ्टी विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की। इस कार्रवाई में लगभग 1400 किलो मिलावटी पनीर और घी के 6 कनस्तर (टीन) जब्त किए गए हैं। बाजार में इस खेप की अनुमानित कीमत 2 से 3 लाख रुपये बताई जा रही है।

यह मिलावटी पनीर बिहार से आने वाली ‘बुंदेला एसी बस’ (BR 21P 3632) के जरिए धनबाद लाया जा रहा था। माफियाओं की योजना इसे शहर के स्थानीय बाजारों में खपाने की थी। जैसे ही बस पूजा टॉकीज के पास रुकी, पहले से मुस्तैद टीम ने इसे चारों तरफ से घेर लिया।
छापेमारी का नेतृत्व कर रहे फूड सेफ्टी ऑफिसर डॉ. राजा कुमार ने मौके पर ही पनीर का ‘स्टार्च टेस्ट’ किया। चौंकाने वाली बात यह रही कि प्रारंभिक जांच में ही पनीर के सभी नमूने फेल पाए गए, जिससे इसके मिलावटी और घटिया गुणवत्ता का होने की पुष्टि हो गई।
इस ऑपरेशन में डीएसपी-2 धीरेंद्र बांका, मनोज पांडे और धनबाद थाना प्रभारी देव आनंद यादव समेत भारी पुलिस बल मौजूद रहा। फूड सेफ्टी अधिकारी डॉ. राजा कुमार का कहना है कि जब्त सामग्री के नमूनों को विस्तृत जांच के लिए ‘स्टेट फूड टेस्टिंग लैबोरेटरी, रांची’ भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित सप्लायर्स पर फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



