



हुट्टी बाजार हत्याकांड का मुख्य आरोपी रोहित दास समेत तीन गिरफ्तार
बराकर नदी से बरामद हुआ हत्या में इस्तेमाल चाकू
डीजे न्यूज, गिरिडीह : शहर के हुट्टी बाजार में होली के एक दिन बाद गुरुवार को डीजे बंद कराने को लेकर हुए विवाद में अजय दास नामक युवक की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस मामले के मुख्य आरोपी रोहित दास को गिरफ्तार कर लिया है।
रोहित दास को पुलिस ने मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बनियाडीह स्थित प्रेमनगर से गिरफ्तार किया है। वहीं इस कांड में शामिल रोनित दास और रवि दास को सरिया से गिरफ्तार किया गया है। इन तीनों की गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने पूरे हत्याकांड का खुलासा कर लिया है।
गिरिडीह के एसपी डॉ. बिमल कुमार ने प्रेसवार्ता में बताया कि मुख्य आरोपी रोहित दास की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू गिरिडीह–डुमरी मुख्य मार्ग पर स्थित बराकर नदी से बरामद कर लिया है।
जानकारी के अनुसार मृतक अजय दास और आरोपी रोहित दास के बीच पहले से विवाद चला आ रहा था। दोनों के बीच कई बार मारपीट भी हो चुकी थी, जिससे उनके बीच तनाव लगातार बढ़ रहा था। इसी रंजिश के चलते रोहित दास ने अजय दास की हत्या की साजिश रची।
घटना वाले दिन डीजे बंद कराने को लेकर हुए विवाद के दौरान मौका पाकर रोहित दास ने अजय दास पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद रोहित टैंपो से फरार हो गया और रास्ते में गिरिडीह–डुमरी मुख्य मार्ग स्थित बराकर नदी में हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू फेंक दिया था। जिसे बाद में पुलिस ने बरामद कर लिया।
इस हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के लिए एसपी डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर एक एसआईटी का गठन किया गया था। इस टीम में डीएसपी मुख्यालय नीरज कुमार सिंह, नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह, मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो, राणा जंग बहादुर सिंह, विक्रम कुमार सिंह, संजय नायक, संजय कुमार, मनोज कुमार सिंह और तकनीकी शाखा के जोधन महतो शामिल थे।



