



उन्नत खेती, वैल्यू एडिशन और मार्केटिंग की दी गई जानकारी
डीजे न्यूज, धनबाद: आईआईटी (आईएसएम) धनबाद के मैनेजमेंट स्टडीज एंड इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग विभाग द्वारा आयोजित उच्च गुणवत्ता वाले मिलेट (श्रीअन्न) उत्पादन और डिजिटल मार्केटिंग इंटीग्रेशन विषयक पर कैपेसिटी बिल्डिंग प्रोग्राम के दूसरे दिन मंगलवार को सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम कोल इंडिया लिमिटेड की सीएसआर पहल के तहत आयोजित किया जा रहा है, जिसमें पश्चिम बंगाल के बाँकुड़ा जिले के सालतोरा प्रखंड के सलमा ग्राम पंचायत की आदिवासी महिला उद्यमी भाग ले रही हैं।
प्रतिभागियों को मिलेट की उन्नत खेती, वैल्यू एडिशन और मार्केटिंग से जुड़े व्यावहारिक पहलुओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। सत्र के दौरान विशेषज्ञों ने बताया कि किस प्रकार मिलेट आधारित उत्पादों को बेहतर पैकेजिंग, ब्रांडिंग और डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से व्यापक बाजार तक पहुंचाया जा सकता है।
प्रतिभागियों को डिजिटल मार्केटिंग के बुनियादी तरीकों, सोशल मीडिया के उपयोग और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए उत्पादों के प्रचार-प्रसार के बारे में भी बताया गया। साथ ही उद्यम प्रबंधन, लागत नियंत्रण और बाजार की मांग के अनुसार उत्पाद तैयार करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की गई।
कार्यक्रम का संचालन प्रो. निलाद्रि दास और प्रो. रश्मि सिंह के नेतृत्व में किया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों ने सक्रिय रूप से भाग लेते हुए अपने अनुभव साझा किए और मिलेट आधारित उद्यम को आगे बढ़ाने के लिए नए विचारों पर चर्चा की।
आईआईटी (आईएसएम) धनबाद की यह पहल आदिवासी महिला उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।



