स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में, अफवाहों पर न दें ध्यान : उपायुक्त रामनिवास यादव

Advertisements

स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में, अफवाहों पर न दें ध्यान : उपायुक्त रामनिवास यादव

कानून-व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता, शांति भंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई : एसपी डॉ बिमल कुमार
डीजे न्यूज, गिरिडीह : गिरिडीह जिले में हाल ही में घटित घटना के संदर्भ में उपायुक्त रामनिवास यादव एवं पुलिस अधीक्षक डॉ बिमल कुमार ने संयुक्त रूप से आम जनता को आश्वस्त करते हुए स्पष्ट संदेश दिया है कि किसी भी प्रकार के भय या भ्रम की स्थिति में रहने की आवश्यकता नहीं है। प्रशासन पूरी तरह सतर्क, सक्रिय और स्थिति नियंत्रण में है।
उपायुक्त रामनिवास यादव ने अपने वक्तव्य में कहा, “घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन ने त्वरित संज्ञान लिया और संबंधित क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई। वरिष्ठ पदाधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।” उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित कर जांच कराई गई। उपलब्ध साक्ष्यों, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और तकनीकी जांच के आधार पर मामले में संलिप्त व्यक्तियों की पहचान कर सभी आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित कर ली गई है।
उन्होंने दोहराया कि दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही नागरिकों से अपील की कि किसी भी अपुष्ट या भ्रामक सूचना को साझा न करें और सत्यापित जानकारी के लिए केवल आधिकारिक स्रोतों पर ही भरोसा करें।
पुलिस अधीक्षक डॉ बिमल कुमार ने कहा, “जिले में कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है और आम नागरिकों को घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है। कानून-व्यवस्था बनाए रखना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।” उन्होंने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया अथवा अन्य माध्यमों से भ्रामक खबरें फैलाकर माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों पर प्रशासन कड़ी नजर रखे हुए है। ऐसे असामाजिक तत्वों की पहचान की जा रही है और उनके विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र में लगातार गश्ती की जा रही है तथा संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त निगरानी रखी गई है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और यदि अन्य किसी व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अंत में उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से जिलेवासियों से अपील की कि वे शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखें, अफवाहों से दूर रहें और प्रशासन पर विश्वास बनाए रखें। वर्तमान में स्थिति सामान्य है तथा सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय प्रभावी रूप से लागू हैं। प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ जिले में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कार्यरत है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top