झरिया के मासूम बच्ची की मौत का मामला विधानसभा में गूंजा विधायक रागिनी ने सवाल किया कि मुस्कान की मौत के लिए जिम्मेदार कौन? 

Advertisements

झरिया के मासूम बच्ची की मौत का मामला विधानसभा में गूंजा

विधायक रागिनी ने सवाल किया कि मुस्कान की मौत के लिए जिम्मेदार कौन? 
डीजे न्यूज, रांची : रागिनी सिंह ने झारखंड विधानसभा में चल रहे बजट सत्र के दौरान सूचना के माध्यम से झरिया विधानसभा क्षेत्र के ज्वलंत मुद्दों को गंभीरता से सदन में विधानसभा अध्यक्ष के समक्ष उठाया।

विधायक रागिनी सिंह ने राज्य सरकार का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि वह झारखंड के उस जिले से आती हैं, जिसे कोयले की राजधानी धनबाद के नाम से जाना जाता है। उन्होंने कहा कि विडंबना यह है कि जिस क्षेत्र से राज्य को भारी राजस्व प्राप्त होता है, वहीं प्रतिदिन कोयले की अवैध लूट जारी है। अवैध कोयला कारोबारियों की गतिविधियों के कारण स्थानीय लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है।

उन्होंने 23 फरवरी को बालू गद्दा, लिलोरी पत्थरा में देर रात हुई दर्दनाक घटना का उल्लेख करते हुए बताया कि देव प्रभा आउटसोर्सिंग कंपनी एवं बीसीसीएल अधिकारियों की कथित मिलीभगत से अवैध रूप से कोयला लोड ट्रक चलाया जा रहा था। इसी दौरान 18 चक्का ट्रक ने सोते समय दस वर्षीय मासूम मुस्कान को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

विधायक ने सरकार से सवाल किया कि आखिर मुस्कान की मौत का जिम्मेदार कौन है? जिस संकरी और टूटी-फूटी गलियों में छोटा चार पहिया वाहन भी मुश्किल से गुजर पाता है, वहां 18 चक्का कोयला लोड ट्रक किसके इशारे पर पास कराया जा रहा था? उन्होंने पूछा कि इसमें संलिप्त अधिकारियों और अवैध कोयला कारोबारियों पर कार्रवाई कब तक होगी।

रागिनी सिंह ने यह भी कहा कि बीते वर्ष अक्टूबर माह में सिंह नेचुरल्स आउटसोर्सिंग कंपनी में भी इसी तरह की घटना हुई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि दोषी कंपनी और बीसीसीएल अधिकारियों की मिलीभगत एवं लापरवाही का खामियाजा स्थानीय लोगों को अपनी जान गंवाकर चुकाना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि आए दिन इसी प्रकार की घटनाओं में स्थानीय लोगों को अपनी जान और माल का नुकसान उठाना पड़ रहा है। विधायक ने दोषी आउटसोर्सिंग कंपनी एवं बीसीसीएल के कथित अधिकारियों की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के विरुद्ध जल्द से जल्द कड़ी कार्रवाई की मांग की।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top