



मतदान के बीच उपायुक्त ने किया कंट्रोल रूम का निरीक्षण
पारदर्शी व निष्पक्ष प्रक्रिया से करें मतदान

डीजे न्यूज, गिरिडीह : नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 के तहत मतदान प्रारंभ होने के पश्चात जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव ने जिला नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि मतदान प्रक्रिया के सुचारु, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण संचालन हेतु प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां सुनिश्चित की गई हैं।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कंट्रोल रूम में स्थापित संचार प्रणाली, हेल्पलाइन व्यवस्था, सीसीटीवी मॉनिटरिंग तथा विभिन्न मतदान केंद्रों से प्राप्त हो रही अद्यतन रिपोर्ट का गहन अवलोकन किया। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक मतदान केंद्र से समय-समय पर मतदान प्रतिशत की रिपोर्ट प्राप्त कर उसे संकलित एवं प्रसारित किया जाए, ताकि समग्र स्थिति पर निरंतर निगरानी बनी रहे।
उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि कंट्रोल रूम निर्वाचन प्रक्रिया की केंद्रीय इकाई है, जहां से पूरे जिले की गतिविधियों का समन्वय किया जाता है। किसी भी प्रकार की शिकायत, तकनीकी समस्या या विधि-व्यवस्था से संबंधित सूचना प्राप्त होते ही त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। विशेष रूप से संवेदनशील एवं अति संवेदनशील मतदान केंद्रों की सतत निगरानी तथा सुरक्षा बलों के साथ समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया गया।
इसके अतिरिक्त सोशल मीडिया पर प्रसारित सूचनाओं पर पैनी नजर रखने को कहा गया, ताकि किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना से निर्वाचन प्रक्रिया प्रभावित न हो। कंट्रोल रूम में तैनात कर्मियों से संवाद करते हुए उन्होंने उनकी जिम्मेदारियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पारदर्शिता, निष्पक्षता और समयबद्ध कार्रवाई ही सफल निर्वाचन की कुंजी है।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) तेज कुमार हांसदा, जिला नजारत उप समाहर्ता आशुतोष ठाकुर तथा जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अंजना भारती समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।




