गिरिडीह समेत तीनों निकायों में सुबह सात बजे से मतदान शुरू, मतदाताओं में जबरदस्त उत्साह

Advertisements

गिरिडीह समेत तीनों निकायों में सुबह सात बजे से मतदान शुरू, मतदाताओं में जबरदस्त उत्साह
डीजे न्यूज, गिरिडीह : सोमवार सुबह 7 बजे से गिरिडीह नगर निगम, बड़की सरैया नगर पंचायत एवं धनवार नगर पंचायत के सभी मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित तरीके से मतदान प्रारंभ हो गया। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की अच्छी-खासी भीड़ देखी गई। युवा, महिलाएं एवं बुजुर्ग मतदाता उत्साहपूर्वक कतार में लगकर अपने मताधिकार का प्रयोग करते नजर आए।

कई

मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें देखी गईं, जिससे लोकतंत्र के इस महापर्व के प्रति लोगों की जागरूकता और जिम्मेदारी स्पष्ट रूप से दिखाई दी। प्रशासन की ओर से सभी केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि मतदान प्रक्रिया निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और निर्बाध रूप से संपन्न हो सके।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त रामनिवास यादव ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने दिव्यांग एवं वरिष्ठ नागरिक मतदाताओं के लिए की गई विशेष सुविधाओं का भी जायजा लिया।
इस अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त ने मतदाताओं से अपील की कि वे निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें और लोकतंत्र को सशक्त बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। शांतिपूर्ण मतदान को लेकर पूरे जिले में सकारात्मक एवं उत्साहपूर्ण वातावरण बना हुआ है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top