राजगंज में बच्चा चोरी की अफवाह पर निर्दोषों की पिटाई, कई लोग हिरासत में

Advertisements

राजगंज में बच्चा चोरी की अफवाह पर निर्दोषों की पिटाई, कई लोग हिरासत में

डीजे न्यूज, राजगंज(धनबाद): राजगंज थाना क्षेत्र के उपरबंधा गांव में बच्चा चोरी की अफवाह फैलने के बाद ग्रामीणों ने बोराबांध से आए दो मेहमानों की जमकर पिटाई कर दी। घटना से इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, बोकारो निवासी डब्लू महतो और दीपक महतो किसी पूजा-पाठ कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आए थे। इसी दौरान गांव में बच्चा चोर होने की अफवाह फैल गई। अफवाह सुनते ही कुछ ग्रामीण उग्र हो गए और दोनों युवकों को पकड़कर मारपीट करने लगे।
महेशपुर के मुखिया मनोज महतो ने बताया कि दोनों युवक मानसिक पूजा में शामिल होने आए थे और उनका किसी भी आपराधिक गतिविधि से कोई संबंध नहीं है।
घटना की सूचना मिलते ही राजगंज पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और किसी तरह दोनों घायलों को उग्र भीड़ से छुड़ाकर अस्पताल भेजा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कई लोग हाथों में डंडा, तलवार, टांगी और फरसा लेकर घूम रहे थे, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई थी।
पुलिस ने घटना के वीडियो के आधार पर पहचान कर कई आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए थाना लाया। इस दौरान हिरासत में लिए गए लोगों के परिजन थाना पहुंच गए और कुछ समय के लिए हंगामा भी हुआ।
पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा अफवाहों पर ध्यान न देने और कानून अपने हाथ में न लेने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top