नगर निकाय चुनाव को लेकर प्रशासन अलर्ट, कंट्रोल रूम का उपायुक्त व एसएसपी ने किया निरीक्षण 6 हजार से अधिक कर्मियों की तैनाती, 200 बूथों पर माइक्रो ऑब्जर्वर नियुक्त 3 हजार से ज्यादा पुलिस बल तैनात, संवेदनशील क्षेत्रों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

Advertisements

नगर निकाय चुनाव को लेकर प्रशासन अलर्ट, कंट्रोल रूम का उपायुक्त व एसएसपी ने किया निरीक्षण

6 हजार से अधिक कर्मियों की तैनाती, 200 बूथों पर माइक्रो ऑब्जर्वर नियुक्त

3 हजार से ज्यादा पुलिस बल तैनात, संवेदनशील क्षेत्रों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

डीजे न्यूज, धनबाद: नगर निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में रविवार को उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी आदित्य रंजन एवं वरीय पुलिस अधीक्षक  प्रभात कुमार ने पुलिस कंट्रोल रूम और समाहरणालय परिसर स्थित व्यवस्थाओं का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। अधिकारियों ने चुनाव से जुड़ी तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

उपायुक्त आदित्य रंजन ने बताया कि मतदान प्रक्रिया को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए 6 हजार से अधिक मतदान कर्मियों को विभिन्न केंद्रों पर तैनात किया गया है। इसके अतिरिक्त 200 मतदान केंद्रों पर माइक्रो ऑब्जर्वर की नियुक्ति की गई है, जो मतदान की पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि सभी मतदान केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, बिजली, रैंप सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करा दी गई हैं ताकि मतदान कर्मियों और मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

उपायुक्त ने विशेष रूप से कहा कि बुजुर्ग मतदाताओं एवं दिव्यांगजनों के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए गए हैं। मतदान केंद्रों पर व्हीलचेयर, रैंप और सहायता कर्मियों की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है ताकि सभी मतदाता सहजता से अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।

चुनाव के मद्देनज़र समाहरणालय परिसर एवं पुलिस कंट्रोल रूम में दो अलग-अलग कोषांग (सेल) का गठन किया गया है। इन कोषांगों के माध्यम से पल-पल की गतिविधियों की निगरानी की जाएगी तथा किसी भी सूचना या शिकायत पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

वरीय पुलिस अधीक्षक  प्रभात कुमार ने बताया कि जिले में शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए 3 हजार से अधिक पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है। सभी संवेदनशील एवं अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए क्यूआरटी (त्वरित कार्रवाई दल) की तैनाती की गई है।

एसएसपी ने आगे बताया कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार गश्ती दल सक्रिय हैँ और पुलिस कंट्रोल रूम के माध्यम से सभी बूथों पर सीधा संपर्क स्थापित किया गया है। इसके अतिरिक्त धनबाद, झरिया, कतरास एवं चिरकुंडा क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल को रिजर्व रखा गया है ताकि किसी भी गड़बड़ी की सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।

निरीक्षण के दौरान सिटी एसपी  ऋत्विक श्रीवास्तव एवं डीएसपी सीसीआर  सुमित कुमार भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने चुनाव ड्यूटी में तैनात कर्मियों को सतर्क एवं निष्पक्ष रहकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।

पुलिस प्रशासन ने आम मतदाताओं से अपील की है कि वे निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें तथा किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए हर स्तर पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top