



धनबाद को बड़ी सौगात: दामोदर नदी पर उच्च-स्तरीय पुल एवं रेलवे ओवरब्रिज निर्माण को केंद्र की स्वीकृति

सांसद ढुलू महतो के प्रयासों को मिली सफलता, परियोजनाओं के लिए भूमि अधिग्रहण उपरांत निविदा प्रक्रिया होगी प्रारंभ
डीजे न्यूज, धनबाद: धनबाद लोकसभा क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण अवसंरचनात्मक उपलब्धि के रूप में दामोदर नदी पर उच्च-स्तरीय पुल तथा रेलवे ओवरब्रिज (ROB) निर्माण को केंद्र सरकार से स्वीकृति प्राप्त हो गई है। यह जानकारी केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी द्वारा सांसद ढुलू महतो को प्रेषित पत्र के माध्यम से दी गई है।
मंत्री द्वारा भेजे गए पत्र में सांसद ढुलू महतो के पत्रांक 39/VIP/DEL/2025/02 के संदर्भ में अवगत कराया गया है कि दामोदर नदी पर उच्च-स्तरीय पुल एवं रेलवे ओवरब्रिज (ROB) निर्माण दोनों कार्यों को स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। स्वीकृति की शर्तों के अनुसार परियोजना हेतु आवश्यक भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया 3G के तहत पूर्ण होने के उपरांत निविदा आमंत्रित की जाएगी।
सांसद ढुलू महतो ने इस स्वीकृति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह परियोजना क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांग थी। दामोदर नदी पर उच्च-स्तरीय पुल के निर्माण से आवागमन सुगम होगा, जबकि रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण से जाम और दुर्घटनाओं की समस्या में उल्लेखनीय कमी आएगी। उन्होंने कहा कि यह परियोजना धनबाद के औद्योगिक, व्यावसायिक एवं सामाजिक जीवन को नई गति प्रदान करेगी।
सांसद महतो ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से धनबाद में आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने की दिशा में निरंतर कार्य हो रहा है। उन्होंने आश्वस्त किया कि भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण हो, इसके लिए राज्य एवं संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर परियोजना को तेजी से धरातल पर उतारने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह स्वीकृति केवल एक प्रशासनिक निर्णय नहीं, बल्कि धनबाद की जनता के विश्वास और विकास की आकांक्षाओं की जीत है। आने वाले समय में क्षेत्र में सड़क एवं परिवहन अवसंरचना को और सशक्त बनाने के लिए निरंतर पहल जारी रहेगी।




