



मतदान को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद, सोमवार को देवघर व मधुपुर में 218 केंद्रों पर होगा मतदान
डीजे न्यूज, देवघर : नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 के तहत कुमैठा स्थित डिस्पैच सेंटर से सभी पोलिंग पार्टियों को उनके-अपने मतदान केंद्रों के लिए रवाना कर दिया गया है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नपा) सह उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा ने बताया कि 23 फरवरी को सुबह 7:00 बजे से संध्या 5:00 बजे तक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
देवघर नगर निगम (वर्ग ‘ख’) क्षेत्र में 36 वार्डों के लिए कुल 172 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। यहां कुल 1,79,278 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 86,558 महिला, 92,712 पुरुष एवं 8 तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं। प्रत्येक केंद्र पर एक पीठासीन पदाधिकारी सहित चार-चार मतदान कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। इस प्रकार कुल 860 मतदान कर्मी एवं 43 रिजर्व पार्टियां तैनात की गई हैं। 20 सेक्टर दंडाधिकारी भी नियुक्त किए गए हैं। प्रशासन ने 166 मतदान केंद्रों को संवेदनशील एवं 6 को अतिसंवेदनशील घोषित किया है।
वहीं, मधुपुर नगर परिषद (वर्ग ‘ख’) क्षेत्र में 23 वार्डों के लिए 46 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। यहां कुल 44,258 मतदाता हैं, जिनमें 22,193 महिला एवं 22,065 पुरुष मतदाता शामिल हैं। 46 पीठासीन पदाधिकारियों सहित कुल 230 मतदान कर्मी एवं 12 रिजर्व पार्टियों की तैनाती की गई है। 8 सेक्टर दंडाधिकारी तैनात किए गए हैं तथा 33 मतदान केंद्रों को संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है।
देवघर नगर निगम एवं मधुपुर नगर परिषद क्षेत्र में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त मतदान सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। जिला प्रशासन ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय पर अपने मतदान केंद्र पहुंचकर लोकतंत्र के इस महापर्व में भाग लें।





