अनियंत्रित ट्रेलर ने मचाई तबाही, डबरसैनी चौक के पास सात दुकानों को किया ध्वस्त 

Advertisements

अनियंत्रित ट्रेलर ने मचाई तबाही, डबरसैनी चौक के पास सात दुकानों को किया ध्वस्त 

डीजे न्यूज, बिरनी (गिरिडीह) : कोडरमा–कोवाड–भरकट्टा मुख्य मार्ग पर स्थित बिरनी प्रखंड के डबरसैनी चौक पर रविवार अहले सुबह करीब तीन बजे एक अनियंत्रित ट्रेलर (जेएच 02 बीआर 1677) ने सात दुकानों को तोड़ते हुए पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। हादसे में दुकान संचालक समेत ट्रेलर चालक बाल-बाल बच गए। किसी की जान नहीं गई, लेकिन लाखों रुपये की संपत्ति क्षति होने का अनुमान है।

घटना के बाद डबरसैनी चौक पर अफरातफरी का माहौल बन गया। रात में गश्ती कर रहे पुलिस पदाधिकारी मृत्युंजय कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने संयम का परिचय देते हुए ट्रेलर चालक बुलेट राम को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर थाना भेज दिया है, जबकि ट्रेलर घटनास्थल पर ही फंसा हुआ है।

हादसे में मरकीडीह के सीताराम साव, बरोटांड के भगतु वर्मा, बदरी राणा, सिमराटांड के रामजी साव, तेतरिया सलयडीह के अर्जुन साव तथा घोरमारा के लटू साव समेत कुल सात दुकानदारों की दुकानें क्षतिग्रस्त हुई हैं। पीड़ितों के अनुसार करीब 4 से 5 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। दुकानदारों ने बताया कि यदि दुकानों के बाहर कोई सोया होता तो बड़ी जनहानि हो सकती थी।

दुकान संचालकों ने ट्रेलर मालिक से उचित मुआवजे की मांग की है। ट्रेलर मालिक भी घटनास्थल पर पहुंचकर पीड़ितों से समझौता करने में जुटे हुए हैं। थाना प्रभारी आकाश भारद्वाज ने बताया कि घटना की पुष्टि हुई है। फिलहाल दोनों पक्षों के बीच समझौते की बातचीत चल रही है। पीड़ितों की ओर से आवेदन मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top