



डिस्पैच सेंटर से रवाना हुए मतदान दल, उपायुक्त ने तैयारियों का किया मुआयना

डीजे न्यूज, गिरिडीह : नगरपालिका आम निर्वाचन के सफल, स्वतंत्र एवं निष्पक्ष संचालन को सुनिश्चित करने हेतु आज झंडा मैदान स्थित डिस्पैच सेंटर से मतदान कर्मियों को उनके संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। सुबह से ही डिस्पैच सेंटर परिसर में मतदान दलों की सक्रिय उपस्थिति और प्रशासनिक तत्परता देखने को मिली।

उपायुक्त रामनिवास यादव ने स्वयं डिस्पैच सेंटर पहुंचकर संपूर्ण व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्वाचन से जुड़े प्रत्येक पहलू की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि चुनाव प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मतदान दलों को निर्धारित काउंटरों से मतपत्र, मतपेटी, मतदाता पंजी, सील, आवश्यक प्रपत्र एवं अन्य सामग्री व्यवस्थित ढंग से उपलब्ध कराई गई। कर्मियों को सामग्री प्राप्ति के बाद उसकी सूक्ष्म जांच करने तथा किसी भी त्रुटि की स्थिति में तत्काल संबंधित कोषांग को सूचित करने का निर्देश दिया गया।

उपायुक्त ने वाहन व्यवस्था, सुरक्षा बलों की तैनाती एवं संचार प्रणाली की भी समीक्षा की, ताकि सभी मतदान दल समय पर अपने-अपने केंद्रों तक पहुंच सकें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर पेयजल, शौचालय एवं बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी रखने के भी निर्देश दिए गए।
मतदान कर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए उपायुक्त ने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया की सफलता में आप सभी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। निष्पक्षता, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि मतदाता निर्भय होकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
निर्धारित समयानुसार सभी मतदान दल सुव्यवस्थित ढंग से अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए। संपूर्ण प्रक्रिया के दौरान प्रशासनिक व्यवस्था सुदृढ़ एवं अनुशासित दिखाई दी।




