लगभग चार माह के इंतजार के बाद सऊदी अरब से लौटा विजय महतो का शव, रिम्स से लेने पहुंचे परिजन

लगभग चार माह के इंतजार के बाद सऊदी अरब से लौटा विजय महतो का शव, रिम्स से लेने पहुंचे परिजन

डीजे न्यूज, गिरिडीह : गिरिडीह जिले के डुमरी प्रखंड अंतर्गत दूधपनिया गांव निवासी प्रवासी मजदूर विजय कुमार महतो का पार्थिव शरीर करीब साढ़े तीन माह बाद 14 फरवरी को सऊदी अरब से रांची पहुंचा। रविवार की देर शाम शव रांची लाया गया, जिसे राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) के शवगृह में रखा गया।

मालूम हो कि 23 अक्टूबर 2025 को सऊदी अरब में पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ के दौरान विजय कुमार महतो गोलीबारी की चपेट में आ गए थे, जिससे उनकी मौत हो गई थी। घटना के बाद कानूनी औपचारिकताओं और कागजी प्रक्रिया के कारण पार्थिव शरीर को भारत लाने में लंबा समय लग गया।

सूत्रों के अनुसार शुरुआत में परिजनों ने कुछ कारणों से शव लेने से इनकार कर दिया था, लेकिन बाद में वे रिम्स पहुंचकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने लगे।

गांव में जैसे ही पार्थिव शरीर पहुंचने की सूचना मिली, पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने सरकार से प्रवासी मजदूरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top