



स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में कोताही बर्दाश्त नहीं: डीसी

एसडीओ कार्यालय में उपस्थिति रजिस्टर में आगमन एवं प्रस्थान का समय अंकित करने का निर्देश
डीजे न्यूज, धनबाद: पीएम-एबीएचआईएम के तहत जिले के स्वास्थ्य केंद्र, सदर अस्पताल, आयुष्मान भारत योजना सहित सभी स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षात्मक बैठक शुक्रवार को हुई। डीसी आदित्य रंजन तथा डीडीसी सन्नी राज ने संबंधित विभागीय पदाधिकारियों से विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में सदर अस्पताल की व्यवस्था, आयुष्मान योजना के तहत इलाज में वृद्धि करने, स्वास्थ्य केंद्रो की परफॉर्मेंस रिपोर्ट तथा विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि अस्पताल में सेवाओं की गुणवत्ता में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी स्पेशलिस्ट डॉक्टरों को एसडीओ कार्यालय में उपस्थिति रजिस्टर में नियमित रूप से आगमन एवं प्रस्थान का समय अंकित करने का निर्देश दिया।
बैठक में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थिति पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर (यूएएएम) की प्रगति पर भी चर्चा की गई। साथ ही आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत आयुष्मान कार्ड में नाम त्रुटि एवं नाम सुधार से संबंधित समस्याओं के समाधान की समीक्षा की गई तथा संबंधित पदाधिकारियों को त्वरित निपटारा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सदर अस्पताल में विभिन्न जांच (टेस्ट) की संख्या बढ़ाकर 100 से अधिक की जाए, ताकि आम नागरिकों को बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सके।
सहिया के कार्यों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने पिछले छह माह की रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश दिया। कमजोर प्रदर्शन करने वाली सहियाओं की सूची तैयार कर पुनः बैठक में विस्तृत समीक्षा करने को कहा। वहीं बेहतर प्रदर्शन करने वाली सहियाओं की भी छह माह की रिपोर्ट तैयार कर उन्हें आवश्यक प्रशिक्षण देने का निर्देश दिया गया।
बैठक में सिविल सर्जन आलोक विश्वकर्मा ने बताया कि धनबाद का युवा मैत्री केंद्र, राज्य स्तर पर शीर्ष पांच में स्थान प्राप्त करने में सफल रहा है। जो जिले के लिए गर्व की बात है।
उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार हेतु समन्वय के साथ कार्य करने तथा समयबद्ध रूप से सभी निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में उपायुक्त आदित्य रंजन, उप विकास आयुक्त सन्नी राज, नगर आयुक्त आशीष गंगवार, सिविल सर्जन डॉ आलोक विश्वकर्मा, सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ संजीव कुमार प्रसाद, डॉ सुनील कुमार, डॉ रोहित गौतम के अलावा भवन प्रमंडल सहित अन्य विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।




