



डाॅ. शैलेंद्र चौधरी ने उसरी को गंदगी से मुक्त और छठ घाटों की गरिमा बहाल करने का किया वादा

भाजपा समर्थित मेयर प्रत्याशी ने चलाया जनसंपर्क अभियान, मिला व्यापक समर्थन
डीजे न्यूज, गिरिडीह : भाजपा समर्थित मेयर प्रत्याशी डाॅ. शैलेंद्र चौधरी ने गुरुवार को चिरैयाघाट क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने उसरी नदी में गिर रहे सीवेज और बढ़ते प्रदूषण की गंभीर समस्या को प्रमुखता से उठाया। नागरिकों ने बताया कि शहर की अधिकांश नालियों का गंदा पानी बिना किसी ट्रीटमेंट के सीधे नदी में छोड़ा जा रहा है, जिससे जल अत्यंत प्रदूषित हो गया है और आसपास के क्षेत्रों में लगातार दुर्गंध फैल रही है।

स्थानीय लोगों ने चिंता जताई कि छठ पूजा जैसे महापर्व पर श्रद्धालुओं को इसी दूषित पानी में खड़े होकर भगवान सूर्य को अर्घ्य देना पड़ता है। उन्होंने इसे आस्था और स्वास्थ्य—दोनों के लिए गंभीर संकट बताया तथा स्थायी समाधान की मांग की।

इस दौरान डाॅ. शैलेंद्र चौधरी ने आश्वासन दिया कि मेयर बनने के बाद गिरिडीह शहर के सीवेज जल के समुचित उपचार के लिए आधुनिक सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP)का निर्माण कराया जाएगा। नालियों के पानी को शुद्ध कर ही नदी में प्रवाहित किया जाएगा, ताकि उसरी नदी को प्रदूषणमुक्त बनाया जा सके।

साथ ही उसरी नदी की सफाई, संरक्षण और घाटों के सौंदर्यीकरण के लिए विशेष अभियान चलाने का संकल्प लिया गया। जनसंपर्क के दौरान मिले जनसमर्थन ने यह स्पष्ट किया कि शहरवासी स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ गिरिडीह की दिशा में ठोस पहल चाहते हैं।




