



जाति-धर्म की राजनीति से नहीं होगा शहर का विकास : मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू

डीजे न्यूज, गिरिडीह :
माथाडीह फुटबॉल मैदान में आयोजित मिलन समारोह को संबोधित करते हुए झारखंड सरकार के नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि समाज को बांटने की राजनीति करने वाले आज उन पर ही विभाजन का आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने बिना नाम लिए भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले धर्म के नाम पर और अब जाति के नाम पर समाज को बांटने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि यदि समाज को बांटना उद्देश्य नहीं होता तो नगर निगम चुनाव में अमीर और गरीब का पैमाना क्यों अपनाया गया? गरीब दलित के बजाय अमीर दलित को समर्थन देना उनकी सोच को दर्शाता है। मंत्री सोनू ने कहा कि जब-जब देश में धर्म और जाति के आधार पर राजनीति हुई है, तब-तब देश को नुकसान हुआ है। उन्होंने लोगों से मेयर प्रत्याशी प्रमिला मेहरा को समर्थन देने की अपील की।
इस अवसर पर झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिलाध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि पार्टी ने मेयर पद के लिए प्रमिला मेहरा को समर्थन दिया है, जो गिरिडीह की बेटी और बहू हैं। उन्होंने कहा कि प्रमिला मेहरा का सामाजिक एवं राजनीतिक अनुभव शहर के विकास में सहायक होगा। साथ ही मतदाताओं से अपील की कि फर्जी प्रमाण पत्र वाले प्रत्याशियों से सावधान रहें।
महापौर प्रत्याशी प्रमिला मेहरा ने कहा कि मतदाता अपने मत का उपयोग सोच-समझकर करें। यदि शहर की तस्वीर बदलनी है तो उन्हें अपना समर्थन दें।
कार्यक्रम के दौरान नागेश्वर दास ने भाजपा छोड़कर अपने समर्थकों के साथ पुनः झामुमो की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी नेताओं ने उनका स्वागत किया और उन्होंने प्रमिला मेहरा को समर्थन देने की घोषणा की।
सभा को झामुमो जिला उपाध्यक्ष अजीत कुमार पप्पू, शाहनवाज अंसारी, सुनील यादव, जिला प्रवक्ता कृष्ण मुरारी शर्मा, जिला सह सचिव दिलीप रजक सहित कई नेताओं ने संबोधित किया। मौके पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित थे।




