वन विभाग ने पीरटांड़ में रातभर चलाया अभियान, हाथियों को रिहायशी इलाकों से जंगल पहुंचाया
डीजे न्यूज, पीरटांड़(गिरिडीह) : पीरटांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत बिशुनपुर पंचायत के जंगल में पहुंचे चार हाथियों के झुंड को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए वन विभाग ने शुक्रवार शाम से शनिवार अहले सुबह तक विशेष अभियान चलाया। करीब 12 घंटे तक चले इस अभियान में वनकर्मियों के साथ स्थानीय ग्रामीणों की भी अहम भूमिका रही।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की संध्या लगभग 4 बजे एलिफैंट ड्राइव ऑपरेशन शुरू किया गया, जो शनिवार सुबह लगभग 4:30 बजे तक जारी रहा। अभियान के दौरान हाथियों के झुंड को व्यवस्थित ढंग से धावाटांड़, छातापत्थर, पोखरियादाह, पचरुखी, बड़कीटांड़, फतेहपुर खुर्द, प्रतापपुर, पालगंज, करपरदारडीह, कुम्हारलालो, करणपुरा, मदनपुरा, दूधनिया और दुबेडीह होते हुए सुरक्षित रूप से पास के घने जंगल क्षेत्र की ओर मोड़ दिया गया। वन विभाग की सतर्कता और ग्रामीणों के सहयोग से पूरे अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की जान-माल की क्षति नहीं हुई। हालांकि कुछ स्थानों पर हाथियों द्वारा गेहूं की फसल खाने की सूचना मिली है। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि फसल क्षति का आकलन कर प्रभावित किसानों को नियमानुसार मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
खबर लिखे जाने तक हाथियों का झुंड केंदुआडीह पहाड़ी क्षेत्र में होने की सूचना है। वन विभाग की टीम लगातार निगरानी कर रही है ताकि झुंड पुनः रिहायशी इलाके की ओर न लौटे।
इस विशेष अभियान में प्रभारी वनपाल रोहित कुमार, उप परिसर पदाधिकारी अशोक कुमार एवं संतोष कुमार दास के नेतृत्व में विशेषज्ञ टीम, स्थानीय ग्रामीणों तथा क्यूआरटी वाहन की सक्रिय भागीदारी रही। वन विभाग ने आसपास के गांवों के लोगों से सतर्क रहने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।