युवाओं को प्रधानमंत्री के समक्ष बजट पर विचार रखने का मिलेगा अवसर

Advertisements

युवाओं को प्रधानमंत्री के समक्ष बजट पर विचार रखने का मिलेगा अवसर

मेरा युवा भारत द्वारा बजट क्वेस्ट 2026 का राष्ट्रव्यापी आयोजन

डीजे न्यूज, गिरिडीह : युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत (MY Bharat) द्वारा युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से “बजट क्वेस्ट 2026” नामक राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। यह कार्यक्रम विकसित भारत बजट 2026 को केंद्र में रखते हुए युवाओं को नीति संवाद से जोड़ने की एक महत्वपूर्ण पहल है।

कार्यक्रम के अंतर्गत 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा MY Bharat पोर्टल पर पंजीकरण कर ऑनलाइन बजट क्वेस्ट क्विज में भाग ले सकते हैं। क्विज में प्रदर्शन के आधार पर प्रतिभागियों का चयन राज्य स्तर पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा, जिसमें प्रतिभागियों को बजट 2026 से संबंधित निर्धारित विषयों में से किसी एक विषय पर निबंध प्रस्तुत करना होगा।

राज्य स्तरीय निबंध प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं का चयन राष्ट्रीय स्तर के लिए किया जाएगा, जहाँ उन्हें माननीय प्रधानमंत्री के समक्ष बजट 2026 से संबंधित अपने विचार, सुझाव एवं दृष्टिकोण प्रस्तुत करने का अवसर प्राप्त होगा।

उल्लेखनीय है कि इस कार्यक्रम को देशभर में व्यापक उत्साहपूर्ण सहभागिता मिल रही है तथा अब तक राष्ट्रीय स्तर पर 50,000 से अधिक युवाओं ने अपनी भागीदारी दर्ज कराई है।

कार्यक्रम में भाग लेने के इच्छुक युवा mybharat.gov.in/quiz पर जाकर पंजीकरण कर सकते हैं। पंजीकरण की अंतिम तिथि 17 फरवरी निर्धारित की गई है।

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय ने सभी पात्र युवाओं से अपील की है कि वे इस अभिनव पहल में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें तथा विकसित भारत के निर्माण में अपनी सार्थक भूमिका निभाएँ।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top