देवघर में मैट्रिक-इंटर परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, उपायुक्त-एसपी ने की तैयारियों की समीक्षा

Advertisements

देवघर में मैट्रिक-इंटर परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, उपायुक्त-एसपी ने की तैयारियों की समीक्षा

डीजे न्यूज, देवघर : झारखंड अधिविद्य परिषद, रांची द्वारा आयोजित मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा-2026 के सफल संचालन को लेकर उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी नमन प्रियेश लकड़ा की अध्यक्षता में सोमवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक, शिक्षा विभाग के अधिकारी, प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं संबंधित बैंक प्रबंधक शामिल हुए।

उपायुक्त ने कहा कि जिले में परीक्षा का आयोजन कदाचारमुक्त एवं शांतिपूर्ण वातावरण में कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने का निर्देश दिया गया, ताकि परीक्षार्थियों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो।

उन्होंने बताया कि मैट्रिक की सैद्धांतिक परीक्षा 03 फरवरी से 17 फरवरी तक प्रथम पाली (सुबह 09:45 बजे से 01:00 बजे) आयोजित होगी। वहीं इंटरमीडिएट (कला/विज्ञान/वाणिज्य) की सैद्धांतिक परीक्षा 03 फरवरी से 23 फरवरी तक द्वितीय पाली (दोपहर 02:00 बजे से 05:15 बजे) संचालित की जाएगी।

बैठक में उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा केंद्रों में मोबाइल फोन सहित किसी भी इलेक्ट्रॉनिक गैजेट पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी रोकने के लिए अधिकारियों व पुलिस पदाधिकारियों को सतर्क रहने को कहा गया।

साथ ही सभी बैंकों को प्रश्नपत्र व उत्तर पुस्तिकाओं के सुरक्षित भंडारण की जिम्मेदारी कड़ाई से निभाने का निर्देश दिया गया। जिला शिक्षा पदाधिकारी को यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि प्रत्येक परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र की सही जानकारी पहले से उपलब्ध हो, ताकि केंद्र ढूंढने में परेशानी न हो।

 

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी मजिस्ट्रेट, केंद्राधीक्षक व शिक्षक समय पर परीक्षा केंद्रों पर रिपोर्टिंग करें। सुरक्षा के दृष्टिकोण से प्रत्येक केंद्र पर पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा ड्यूटी पर तैनात अधिकारी/कर्मी नियमित रूप से मॉनिटरिंग करेंगे।

 

बैठक में उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, देवघर व मधुपुर अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कोषागार पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, एलडीएम, प्रतिनियुक्त गश्ती व स्टैटिक दंडाधिकारी, प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारी, संबंधित बैंक मैनेजर, सभी बीईओ सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top