पूर्वी सिंहभूम अजाप्ता के वनभोज में शामिल हुए विधायक द्वय समीर मोहंती व सोमेश सोरेन 

Advertisements

पूर्वी सिंहभूम अजाप्ता के वनभोज में शामिल हुए विधायक द्वय समीर मोहंती व सोमेश सोरेन

 

एमएसीपी समेत शिक्षकों की सभी मांगों को मुख्यमंत्री से हल कराने का दिया भरोसा 

डीजे न्यूज, पूर्वी सिंहभूम : अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ, पूर्वी सिंहभूम जिला कमेटी द्वारा जिला स्तरीय वार्षिक वनभोज सह मिलन समारोह का आयोजन रविवार को गालूडीह बराज स्थित स्वर्णरेखा नदी के तट पर हर्षोल्लास के साथ किया गया। इस कार्यक्रम में जिले भर से बड़ी संख्या में शिक्षकों ने भाग लेकर आपसी मेल-मिलाप और संगठनात्मक एकता का परिचय दिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बहरागोड़ा विधानसभा क्षेत्र के विधायक समीर मोहंती, विशिष्ट अतिथि के रूप में घाटशिला विधानसभा क्षेत्र के विधायक सोमेश चंद्र सोरेन, सम्मानित अतिथि के रूप में जिला शिक्षा अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम आशीष कुमार पांडेय तथा अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रदेश सलाहकार समिति सदस्य वरीय शिक्षक नेता सुनील कुमार उपस्थित थे। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ की गई। इसके बाद जिला कमेटी के तमाम पदाधिकारियों ने माननीय विधायकों, जिला शिक्षा अधीक्षक को शॉल ओढ़ाकर, पौधा एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया।

सर्वप्रथम जिला अध्यक्ष श्री शिव शंकर पोलाई एवं संघ के घाटशिला प्रखंड कमेटी के अध्यक्ष श्री रंजीत घोष ने जिले के सभी शिक्षकों, प्रखंड एवं जिला पदाधिकारियों तथा अतिथियों का स्वागत भाषण दिया। इसके उपरांत जिले के सभी प्रखंड अध्यक्ष एवं सचिवों को मंच पर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित कुल 65 नवनियुक्त सहायक आचार्यों को वरीय शिक्षक नेता सुनील कुमार द्वारा पुष्प एवं अंगवस्त्र देकर स्वागत किया गया।

अपने संबोधन में वरीय शिक्षक नेता एवं प्रदेश सलाहकार समिति सदस्य सुनील कुमार ने शिक्षकों से संबंधित एमएसीपी, प्रोन्नति, नवनियुक्त सहायक आचार्यों को कम ग्रेड पे में नियुक्ति, पारा शिक्षक के रूप में की गई सेवा अवधि को वर्तमान सरकारी सेवा में जोड़कर लाभ देने, शपथ पत्र के आधार पर वेतन भुगतान, वर्ष 2004 के शिक्षकों को दिसंबर 2003 से वरीयता एवं आर्थिक लाभ देने, पूर्व से ग्रेड-4 में कार्यरत शिक्षकों के सुविधाजनक स्थान पर स्थानांतरण/सामंजन सहित कई मांगें प्रमुखता से उठाईं। उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि विभागीय तनाव के बावजूद अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने में कोई कमी न रखें।

जिला शिक्षा अधीक्षक आशीष कुमार पांडेय ने अपने संबोधन में जिला स्तरीय सभी समस्याओं का समाधान अगले 10 दिनों के भीतर करने का आश्वासन दिया। उन्होंने शिक्षकों से अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखने की अपील करते हुए कहा कि वे शिक्षकों को अपने विभागीय परिवार का सदस्य मानते हैं और उनके हर सुख-दुख में साथ हैं।

बहरागोड़ा के विधायक समीर मोहंती ने कहा कि वे शिक्षकों को गुरु मानते हैं और एमएसीपी सहित शिक्षकों की समस्याओं को पहले भी विधानसभा में उठाते रहे हैं तथा आगे भी समाधान के लिए सदैव उनके साथ खड़े रहेंगे। वहीं घाटशिला के विधायक सोमेश चंद्र सोरेन ने शिक्षकों से कहा कि वे अपनी समस्याएं लिखित रूप में दें, ताकि वे इस संबंध में मुख्यमंत्री से बात कर समाधान करा सकें।

इस अवसर पर 12 सेवानिवृत्त शिक्षकों को जिला शिक्षा अधीक्षक द्वारा सम्मानित किया गया। साथ ही सात नए शिक्षकों ने इस अवसर पर संघ की सदस्यता ग्रहण की, जिनका माला पहनाकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में पूरे जिले से साढ़े चार सौ से अधिक शिक्षकों ने उपस्थित होकर वनभोज का आनंद लिया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला अध्यक्ष शिव शंकर पोलाई, जिला महासचिव सरोज कुमार लेंका, माधिया सोरेन, ओम प्रकाश सिंह, संजय केसरी, अरुण कुमार झा, आशुतोष कुमार, सरोज कुमार, सुनील कुमार वर्मा, भूरका बयार बेसरा, अजम्बर सिंह सरदार, अनिल राय, बूटा अर्चना, सुनीता कक्षप, रंजीत घोष, देवराज शीट, गोपीनाथ हांसदा, शिव शंकर चटवाती, रविंद्र नाथ बारिक, कमल गोप, संजय कुमार, अनिल प्रसाद, सनत कुमार भौमिक सहित अन्य की प्रमुख एवं सराहनीय भूमिका रही।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top