देशभक्ति के रंग में रंगा बी.एन. साहा डीएवी पब्लिक स्कूल, धूमधाम से मनाया गया गणतंत्र दिवस

Advertisements

देशभक्ति के रंग में रंगा बी.एन. साहा डीएवी पब्लिक स्कूल, धूमधाम से मनाया गया गणतंत्र दिवस

डीजे न्यूज,गिरिडीह : सिरसिया स्थित बद्री नारायण साहा डीएवी पब्लिक स्कूल में 77वाँ गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास, गरिमा एवं राष्ट्रभक्ति के वातावरण में मनाया गया। विद्यालय परिसर भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों से गूंज उठा। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक परंपरा के अनुरूप हवन-यज्ञ के साथ किया गया।
इसके पश्चात शहीद-ए-कारगिल स्मारक पर विद्यालय के सेवानिवृत्त फाउंडर शिक्षक पी. त्रिगुणाइत द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराकर वीर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। मुख्य कार्यक्रम स्थल पर विद्यालय के प्राचार्य सचिन गर्ग ने राष्ट्रध्वज फहराया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीतों ने समां बांध दिया। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने ‘संगठन में शक्ति’ विषय पर आधारित मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर एकता का संदेश दिया।

वहीं ‘मिशन सिंदूर’ पर आधारित नाट्य प्रस्तुति कार्यक्रम का सबसे भावुक क्षण रही, जिसमें सैनिकों के त्याग और उनके परिवारों के बलिदान को जीवंत रूप में दर्शाया गया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों रिया एवं संपूर्ण ने गणतंत्र दिवस के महत्व पर ओजस्वी भाषण दिया। प्राचार्य सचिन गर्ग ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को अनुशासन, समर्पण और राष्ट्रीय एकता का संकल्प दिलाते हुए कहा कि सशक्त राष्ट्र के निर्माण में शिक्षा और चारित्रिक विकास की अहम भूमिका है।
कार्यक्रम का संचालन छात्रा शिजा फातिमा, साक्षी मिश्रा, नैंसी, स्नेहा एवं तस्मियां ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं का सराहनीय योगदान रहा।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top