



लंदन में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और नवीन जिंदल समूह की अहम बैठक, झारखंड में हरित औद्योगिक निवेश पर बनी सहमति

डीजे न्यूज, रांची/ लंदन :
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से लंदन में नवीन जिंदल समूह के प्रतिनिधियों ने शिष्टाचार भेंट की। यह बैठक 2 जनवरी को रांची में मुख्यमंत्री और नवीन जिंदल के बीच हुई चर्चा की अगली कड़ी रही, जिसमें झारखंड सरकार और नवीन जिंदल समूह के बीच आपसी सहयोग को और सशक्त बनाने पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
स्टील, स्वच्छ ऊर्जा और बिजली ढांचे में निवेश की संभावनाओं पर मंथन
बैठक के दौरान इस्पात उद्योग, स्वच्छ ऊर्जा, कौशल प्रशिक्षण एवं सतत विकास जैसे अहम विषयों पर चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने झारखंड में टिकाऊ औद्योगिक विकास को गति देने के लिए साझा प्रयास करने की प्रतिबद्धता जताई। नवीन जिंदल समूह ने झारखंड में स्टील सेक्टर, हरित ऊर्जा परियोजनाओं एवं बिजली ढांचे के विकास में संभावित निवेश को लेकर सकारात्मक रुचि दिखाई। यह पहल भारत के कम-कार्बन अर्थव्यवस्था के लक्ष्य के अनुरूप बताई गई।
छात्रवृत्ति, उच्च शिक्षा और कौशल विकास पर सहयोग की पहल
बैठक में मरांग गोमके छात्रवृत्ति योजना की सराहना करते हुए नवीन जिंदल समूह ने झारखंड में कौशल शिक्षा एवं उच्च शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की। इसके तहत छात्रों के लिए छात्रवृत्ति सहायता, विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम और क्षमता निर्माण योजनाओं पर विचार किया गया। साथ ही युवाओं को बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए कौशल विकास संस्थानों को सशक्त करने पर भी सहमति बनी।
यह प्रस्तावित सहयोग झारखंड में रोजगार सृजन, हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने और सतत विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



