


टाटा सिजुआ में जावा नृत्य प्रतियोगिता संपन्न, विजयी प्रतिभागी हुए सम्मानित
डीजे न्यूज, सिजुआ, धनबाद:
डुमरी विधायक जयराम महतो ने कहा कि करमा पर्व हमारी संस्कृति और मातृशक्ति की पहचान है। विधायक टाटा सिजुआ 12 नंबर में शक्ति सेना के तत्वावधान में सोमवार को  आयोजित करम महोत्सव सह जावा नृत्य प्रतियोगिता में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जब हमारी बहनें और बेटियां इसमें अपनी प्रतिभा दिखाती हैं, तो यह समाज के लिए प्रेरणा बनता है। उन्होंने सभी माताओं और बहनों का हौसला बढ़ाया और करमा महोत्सव के सांस्कृतिक महत्व पर विस्तृत प्रकाश डाला।

प्रतिभागी टीमों को किया पुरस्कृत
जावा नृत्य प्रतियोगिता में परसिया, डुमरी बस्ती, बलियापुर के बाघमारा, भेलाटांड़, टाटा सिजुआ, दुहाटांड़, सिजुआ, परसिया, शहरपुरा, शक्ति शिक्षण संस्थान केंदुआडीह, तोपचांची, लोहपिट्टी के जामडीहा, जोड़ापोखर, जहाजटांड़, मन ईटांड़ सहित अन्य जगह के टीमों ने भाग लिया। विधायक जयराम महतो ने विजयी प्रतिभागी टीमों को पुरस्कृत किया।

प्रतिभागियों ने एक से बढ़कर एक करम गीतों पर नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। प्रतियोगिता में महिलाओं और युवतियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और करमा पर्व की गरिमा को और भी ऊंचाइयों पर पहुंचा दिया।
मौके पर भाजपा नेता सुरेश महतो, अजीत महतो, जेएलकेएम के कतरास नगर अध्यक्ष विकास कुमार महतो, आयोजन समिति के दीपक महतो, रोनित महतो, विवेक प्रमाणिक आदि थे।
