
श्रद्धालुओं ने किया आत्मशुद्धि और मोक्ष का आह्वान, सावन के पावन अवसर पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
खाटू श्याम मंदिर में दिव्य महा रुद्राभिषेक का आयोजन
डीजे न्यूज, जामताड़ा (मिहिजाम) : मिहिजाम रोड स्थित खाटू श्याम मंदिर में मंगलवार को भक्ति और आस्था से परिपूर्ण माहौल में विशेष “महा रुद्राभिषेक” अनुष्ठान का आयोजन किया गया। सावन माह के पावन अवसर पर आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में दर्जनों श्रद्धालु जोड़ों ने भाग लेकर भगवान शिव का रुद्राभिषेक किया और आत्मशुद्धि तथा मोक्ष की कामना की।
सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। वैदिक मंत्रोच्चार, शिव स्तुति और घंटियों की गूंज से वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर उठा। विशेष पूजन में रुद्रसुक्त, महामृत्युंजय मंत्र और शिव तांडव स्तोत्र का पाठ किया गया। श्रद्धालुओं ने दूध, दही, घी, शहद, गंगाजल, फूल, बेलपत्र और भस्म से भगवान शिव का अभिषेक कर पुण्य अर्जित किया।मंदिर समिति के अनुसार, यह आयोजन सावन के महीने की विशेष महत्ता को ध्यान में रखते हुए किया गया। समिति की ओर से पूजा में भाग लेने वाले श्रद्धालुओं को प्रसाद एवं पूजन सामग्री वितरित की गई। आयोजन के उपरांत श्रद्धालुओं के लिए भंडारे की व्यवस्था भी की गई, जिसमें सभी ने प्रसाद ग्रहण किया।
इस आयोजन में महिलाओं की भी उल्लेखनीय भागीदारी रही। परंपरागत वेशभूषा में सजी श्रद्धालु महिलाओं ने शिव चालीसा, भजन और कीर्तन के माध्यम से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी वर्गों के लोगों ने श्रद्धा के साथ हिस्सा लिया। मंदिर समिति ने कार्यक्रम की सफलता पर खुशी जताई और आगे भी ऐसे धार्मिक आयोजनों के नियमित आयोजन का संकल्प लिया। समिति ने प्रशासन व स्थानीय लोगों का सहयोग के लिए आभार भी प्रकट किया।