
विश्व आदिवासी दिवस : भव्य आयोजन की तैयारी, जामताड़ा में बनी आयोजन समिति
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री उत्कृष्ट बालिका उच्च विद्यालय में हुई महत्वपूर्ण बैठक, सांस्कृतिक एवं साहित्यिक गतिविधियों को मिलेगा मंच
डीजे न्यूज, जामताड़ा : 9 अगस्त को आयोजित होने वाले विश्व आदिवासी दिवस को लेकर जामताड़ा में व्यापक तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस ऐतिहासिक अवसर को सफल बनाने के लिए मुख्यमंत्री उत्कृष्ट बालिका उच्च विद्यालय, जामताड़ा के प्रांगण में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ समाजसेवी सुश्री अमिता टुडू ने की।
बैठक में निर्णय लिया गया कि मांझी परगना सरदार महासभा, जामताड़ा जिला एवं सिदो-कान्हू मुर्मू सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में एक आयोजन समिति का गठन कर परंपरागत तरीके से कार्यक्रम का संचालन किया जाएगा।
आयोजन समिति का गठन और जिम्मेदारियां तय
इस वर्ष की आयोजन समिति में श्री सुनील कुमार हांसदा एवं आनंद टुडू को संरक्षक बनाया गया है, जबकि समिति की अध्यक्षता अमिता टुडू करेंगी।
वैधनाथ सोरेन को सचिव, बुद्धदेव मरांडी और गिरिजानंद हेम्बरम को उप सचिव, श्याम कुमार सोरेन को कोषाध्यक्ष और निर्मल मरांडी को सह-कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
सांस्कृतिक और स्वागत समिति की जिम्मेदारी नाज़िर सोरेन को दी गई है, जबकि सहयोग के लिए कालेश्वर मरांडी, बलदेव मुर्मू एवं निर्मल सोरेन को नियुक्त किया गया है।
बच्चों के लिए प्रतियोगिताएं
हर वर्ष की तरह इस बार भी बच्चों के लिए भाषण एवं चित्रांकन प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इसका आयोजन 6 और 7 अगस्त को संध्या 3:30 बजे से मुख्यमंत्री उत्कृष्ट बालिका उच्च विद्यालय, जामताड़ा में होगा। प्रतियोगिता का संयोजन सुधीर सोरेन और देवेंद्र मुर्मू करेंगे।
सहयोगी सदस्यों में देवेंद्र मरांडी, हेमलाल मुर्मू, सुनीत कुमार हेम्बरम, सुबोधन हांसदा और शिक्षक बलदेव मुर्मू शामिल रहेंगे। विजेता प्रतिभागियों को विश्व आदिवासी दिवस (9 अगस्त) को मंच से सम्मानित किया जाएगा।
स्मारिका का होगा प्रकाशन
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी एक स्मारिका प्रकाशित की जाएगी। इसके संपादन की जिम्मेदारी राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त अवकाशप्राप्त शिक्षक श्री सुनील कुमार बास्की को दी गई है। सहयोगी संपादक के रूप में दिशोम गोडेत पत्रिका के प्रधान संपादक विलियम हांसदा, संपादक कृष्ण कुमार मुर्मू, सिकंदर टुडू, प्रो. प्रदीनाथ हांसदा, विद्यालय के प्रधानाचार्य देवेंद्र मरांडी, कृष्णा टुडू एवं बीरेंद्र नाथ हांसदा का नाम प्रस्तावित किया गया है।
कार्यकारिणी सदस्य
कार्यकारिणी में निशापति हांसदा, रामलाल मरांडी, जिला परिषद सदस्य जिमोली बास्की, मंगल सोरेन, अर्जुन सोरेन एवं नीतू मुर्मू को शामिल किया गया है।
आयोजन के लिए अहम सुझाव
बैठक में पिछले वर्षों की समीक्षा के दौरान पाई गई कमियों पर भी विचार हुआ। विशेष रूप से शौचालय की व्यवस्था, वाहन पार्किंग, और ट्रैफिक जाम की समस्याओं पर गंभीर चर्चा हुई और इस बार इन मुद्दों को सुलझाने हेतु बेहतर योजना बनाई गई।
अतिथि सूची और विशेष सम्मान
आयोजन समिति के संरक्षक सुनील कुमार हांसदा एवं आनंद टुडू ने जानकारी दी कि इस वर्ष कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उपायुक्त रवि आनंद होंगे।
विशिष्ट अतिथियों में लोबीन मुर्मू (सचिव, लुगु बुरु घाँटा बाड़े धोरोम गाड़), बालकृष्ण टुडू (सहायक अभियंता, पथ प्रमंडल, गिरिडीह) तथा सिकंदर हेम्बरम (सचिव, मारांग बुरु सावंता सुसार बैसी) शामिल रहेंगे।
इस वर्ष वरिष्ठ समाजसेवी एवं बीर मांझी हराधान मुर्मू को उनके सामाजिक योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ-साथ विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजन का हिस्सा होंगे, जिसमें आदिवासी संस्कृति की झलक प्रस्तुत की जाएगी। आयोजन की अगली बैठक 26 जुलाई, संध्या 3:30 बजे मुख्यमंत्री उत्कृष्ट बालिका उच्च विद्यालय में होगी, जिसमें अब तक की तैयारियों की समीक्षा की जाएगी और आगामी कदमों पर निर्णय लिया जाएगा।