
राशन कटौती के खिलाफ जमुआटांड़ के मुखिया बैठे धरना पर, एम ओ के आश्वासन पर धरना खत्म
डीजे न्यूज, कतरास (धनबाद):
जमुआटांड पंचायत अंतर्गत गड़गड़िया बस्ती एवं श्रीधरपुर के पीडीएस संचालक द्वारा अनाज वितरण में गड़बड़ी करने को लेकर मुखिया निरंजन गोप शुक्रवार को बेमियादी धरना पर बैठ ग ए।
जमुआटाड़ पंचायत सचिवालय के बाहर धरना पर बैठे मुखिया ने बताया कि पीडीएस संचालकों के द्वारा राशन वितरण में भारी हेराफेरी किया जा रहा है। कुछ कार्ड धारकों को अनाज दिया जाता है तो कुछ को बहाना बनाकर लौटा दिया जाता है। सैकड़ो कार्ड धारक पीडीएस संचालकों की मनमानी से परेशान है। गरीब कार्ड धारकों का अनाज धड़ल्ले से कालाबाजारी किया जा रहा है। एक लाभुक ने बताया कि जून महीना में उसे 2 महीना का अनाज 25-25 किलो कर 50 किलो दिया जाना था लेकिन महज 18 किलो अनाज दिया गया। धरना दे रहे अन्य कार्डधारकों ने भी पीडीएस संचालक ममता यादव एवं मुकेश गुप्ता पर मनमानी करने का आरोप लगाया है।
आरोपों पर क्या कहती है पीडीएस संचालिका ममता यादव
यह बात सच है कि कार्डधारकों को कम अनाज मिल रहा है, लेकिन इसमें मेरी कोई गलती नहीं है। विभाग द्वारा मुझे कम अनाज दिया जा रहा है। मेरे पास 484 कार्डधारक हैं लेकिन पिछले महीने मुझे महज 59 क्विंटल अनाज प्राप्त हुआ। इतने में सबकी पूर्ति कैसे होगा।
पीडीएस संचालक मुकेश गुप्ता ने आरोपों पर क्या कहा
पीडीएस संचालक मुकेश गुप्ता ने आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि उनके द्वारा राशन वितरण में कोई अनियमितता नही बरती जा रही है। पूर्व में दूसरे पीडीएस का मर्ज उसके पीडीएस में हुआ था जिसके कारण लाभुक को मिलने वाला अनाज में दिक्कत आता है। जितना अनाज विभाग द्वारा मुझे प्राप्त होता है सबका सब अनाज नियमसंगत तरीके से लाभुकों में वितरण कर दिया जा रहा है।
एमओ पहुंचे जांच में, धरना समाप्त करवाया
2 बजे के बाद एमओ रघुवंश भारती धरनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मामले की जांच पड़ताल की। उसके बाद दोनो पीडीएस संचालक को निर्देश देते हुए कहा कि जिन राशनकार्ड धारकों को राशन नहीं मिला है उसको अति शीघ्र राशन उपलब्ध कराया जाए। इसके साथ ही मुखिया से धरना समाप्त करने का आग्रह किया। जिस पर मुखिया निरंजन गोप ने धरना समाप्त कर दिया। मुखिया ने कार्रवाई को संतोषजनक बताया। धरना स्थल पर मधु मंडल, पंचानंद मंडल, उत्तम मंडल, अजय कुमार मंडल, विक्रम मंडल, महेश मंडल, निशा देवी, प्रकाश मंडल, प्रवीण कुमार मंडल, टुंपा कुमारी, बबलू कुमार मंडल, नजमा खातून, नमिता देवी, टुंपा देवी, अनिल मंडल, सुमित मंडल, सावित्री देवी, राजेश मंडल, लवली देवी, मानिक मंडल, कविता देवी, शांति देवी, निहाली देवी, संगीता मंडल, उर्मिला देवी सहित अन्य दर्जनों कार्डधारक मौजूद थे।