
सेल एनीमिया गंभीर अनुवांशिक रक्त विकार है जो माता-पिता से बच्चों में पहुंचता है
विश्व सिकल सेल दिवस पर जागरूकता पखवाड़े का शुभारंभ
डीजे न्यूज, गिरिडीह : गिरिडीह सदर अस्पताल में विश्व सिकल सेल दिवस के अवसर पर शुक्रवार को सिकल सेल जागरूकता पखवाड़े की शुरुआत की गई। सिविल सर्जन गिरिडीह ने कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए बताया कि सिकल सेल एनीमिया एक गंभीर अनुवांशिक रक्त विकार है, जो माता-पिता से बच्चों में पहुंचता है। इस रोग में लाल रक्त कण हंसिए के आकार के हो जाते हैं, जिससे शरीर में एनीमिया, तीव्र दर्द, अंग क्षति और विकास में रुकावट जैसी परेशानियां उत्पन्न होती हैं।
सिविल सर्जन ने बताया कि झारखंड सरकार ने जुलाई 2023 में राष्ट्रीय सिकल सेल उन्मूलन मिशन शुरू किया है, जिसका लक्ष्य 2047 तक इस रोग को पूरी तरह समाप्त करना है। इस मिशन के तहत 0 से 40 वर्ष आयु वर्ग के सभी व्यक्तियों के लिए स्क्रीनिंग, परामर्श और नि:शुल्क इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
पखवाड़े के दौरान जिले के सभी प्रखंडों, आयुष्मान भारत हेल्थ वेलनेस सेंटरों और विद्यालयों में सिकल सेल जांच शिविर लगाए जाएंगे। साथ ही हाइड्रॉक्सी यूरिया जैसी महत्वपूर्ण दवाइयां नि:शुल्क वितरित की जाएंगी।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी, चिकित्सक, सामाजिक कार्यकर्ता व आम नागरिक उपस्थित रहे। अंत में सिविल सर्जन ने आम जनता से इस अभियान में भाग लेने तथा इस गंभीर रोग की रोकथाम में सहयोग करने की अपील की।