
बलियापुर की बेटियों ने कबड्डी से रचा कीर्तिमान
महिला कोच की मेहनत से निखर रही ग्रामीण प्रतिभाएं, अंचलाधिकारी ने दिया संसाधनों का आश्वासन
डीजे न्यूज, बलियापुर(धनबाद) : बलियापुर अंचलाधिकारी प्रवीण कुमार सिंह बुधवार को अचानक छाताकुली गांव पहुंचे, जहां उन्होंने कबड्डी खेल रही बच्चियों और बाल खिलाड़ियों से मुलाकात की। उनके पहुंचने पर खिलाड़ियों में खुशी की लहर दौड़ गई।
खेल मैदान में बच्चों ने अपने दमदार प्रदर्शन से अधिकारी को प्रभावित किया। सीओ श्री सिंह ने कहा कि गांव की बच्चियों में अद्भुत खेल प्रतिभा है, जिसे सही मार्गदर्शन और संसाधनों के ज़रिये और अधिक निखारा जा सकता है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को प्रशासन की ओर से हरसंभव मदद का भरोसा दिया।
कोच बबली देवी की अगुवाई में चमक रहे हैं सितारे
गांव की महिला खिलाड़ी बबली देवी द्वारा बच्चों को पिछले एक वर्ष से नि:शुल्क कबड्डी प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि उनकी टीम की कई लड़कियां जिला और राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग ले चुकी हैं। अगर खिलाड़ियों को मैट और जरूरी किट्स मुहैया कराई जाएं, तो वे राष्ट्रीय स्तर तक का सफर तय कर सकती हैं।
खेलों से बनेगा सशक्त समाज
अंचलाधिकारी ने कहा कि खेल बच्चों को अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व की भावना सिखाता है। प्रशासन की प्राथमिकता है कि हर गांव की खेल प्रतिभाओं को मंच मिले, ताकि वे राज्य और देश का नाम रोशन करें।