7 अक्टूबर तक चलेगा विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान

7 अक्टूबर तक चलेगा विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान

डीजे न्यूज, गिरिडीह : जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव ने सभी विधानसभा क्षेत्रों के लिए वरीय पदाधिकारियों तथा प्रखंड स्तर पर नोडल पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति करते हुए 30 जून से अभियान की नियमित निगरानी का निर्देश दिया है।

जिला निर्वाचन शाखा की ओर से जारी आदेश के अनुसार मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड के निर्देश पर 30 जून से बीएलओ एवं बीएलए-2 की पहली बैठक, गणना प्रपत्रों का वितरण और विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की शुरुआत होगी। इस अभियान का अंतिम प्रकाशन 7 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा।

उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि सभी प्रतिनियुक्त अधिकारी अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में नियमित भ्रमण कर पुनरीक्षण कार्य की प्रगति का अनुश्रवण करेंगे। प्रत्येक चरण का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों को सौंपी गई है।

आदेश के तहत धनवार, बगोदर और जमुआ विधानसभा क्षेत्रों के लिए नगर आयुक्त विजय सिंह बीरूआ को वरीय पदाधिकारी बनाया गया है, जबकि गांडेय, गिरिडीह और डुमरी विधानसभा क्षेत्रों के लिए उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी को यह जिम्मेदारी दी गई है। सभी प्रखंडों में अलग-अलग नोडल पदाधिकारियों की भी तैनाती की गई है।

निर्देशानुसार 30 जून, 14 जुलाई और 22 जुलाई को आयोजित होने वाली बीएलओ-बीएलए-2 बैठकों की निगरानी के साथ-साथ मतदाता सूची पुनरीक्षण से जुड़े मैपिंग कार्य का भी स्थल निरीक्षण किया जाएगा।

उपायुक्त ने कहा कि एसआईआर-2026 का उद्देश्य मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top