65 होम्योपैथिक चिकित्सक हुए सम्मानित डॉक्टर भगवान का दूसरा रूप: एसएसपी

65 होम्योपैथिक चिकित्सक हुए सम्मानित

डॉक्टर भगवान का दूसरा रूप: एसएसपी

डीजे न्यूज, धनबाद: राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर धनबाद होमियोपैथिक डॉक्टर्स एसोसिएशन की ओर से बुधवार को होटल रेडिसन में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में होम्योपैथिक चिकित्सक शामिल हुए। समारोह के मुख्य अतिथि वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी)  प्रभात कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। इसके बाद उन्होंने होम्योपैथी चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 65 चिकित्सकों को मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया।

समारोह को संबोधित करते हुए एसएसपी  प्रभात कुमार ने कहा कि डॉक्टर समाज के ऐसे वर्ग का प्रतिनिधित्व करते हैं, जिन पर लोगों का सबसे अधिक विश्वास होता है। जब कोई व्यक्ति बीमारी, दुर्घटना या किसी अन्य संकट का सामना करता है, तब चिकित्सक ही उसकी जिंदगी बचाने के लिए सबसे पहले खड़े दिखाई देते हैं। इसी कारण डॉक्टरों को भगवान का दूसरा रूप कहा जाता है। उन्होंने कहा कि चिकित्सा केवल एक पेशा नहीं, बल्कि मानव सेवा का सर्वोच्च माध्यम है।

उन्होंने कहा कि डॉक्टर दिन-रात, मौसम और परिस्थितियों की परवाह किए बिना मरीजों की सेवा में जुटे रहते हैं। कई बार उन्हें अपने परिवार से दूर रहकर भी लोगों की जान बचाने के लिए कार्य करना पड़ता है। यह उनकी सेवा भावना, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा का परिचायक है। उन्होंने कहा कि समाज को चिकित्सकों के योगदान का सम्मान करना चाहिए और उनके प्रति सदैव आदर का भाव रखना चाहिए।

एसएसपी  प्रभात कुमार ने कहा कि आधुनिक चिकित्सा विज्ञान के तेजी से विकसित होने के बावजूद होम्योपैथी चिकित्सा पद्धति आज भी अपनी अलग पहचान बनाए हुए है। उन्होंने कहा कि प्राचीन चिकित्सा पद्धति को आधुनिक समय में प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाना आसान नहीं है, लेकिन होम्योपैथिक चिकित्सक पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ इस परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं। यह न केवल गौरव का विषय है बल्कि समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारी का भी प्रमाण है।

उन्होंने सभी चिकित्सकों से आह्वान किया कि वे होम्योपैथी चिकित्सा की समृद्ध परंपरा को आगे बढ़ाते हुए गरीब, जरूरतमंद और असहाय लोगों की सेवा के लिए निरंतर कार्य करते रहें। उन्होंने विश्वास जताया कि होम्योपैथिक चिकित्सकों का योगदान भविष्य में भी समाज को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहेगा।

कार्यक्रम के दौरान धनबाद होमियोपैथिक डॉक्टर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने भी चिकित्सकों के योगदान पर प्रकाश डाला और कहा कि होम्योपैथी चिकित्सा पद्धति के प्रति लोगों का विश्वास लगातार बढ़ रहा है। संगठन भविष्य में भी चिकित्सकों के हितों के साथ-साथ जनस्वास्थ्य के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करता रहेगा।

इस अवसर पर एसोसिएशन के डॉ. काजल सरकार, डॉ. विजय कुमार, डॉ. सी.बी. मेहता, डॉ. रानी साजश्री सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए सैकड़ों होम्योपैथिक चिकित्सक उपस्थित रहे। समारोह में चिकित्सकों को सम्मानित किए जाने के साथ-साथ उनके अनुभवों का भी साझा किया गया तथा समाज के प्रति उनके योगदान की सराहना की गई।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top