6 साल का प्यार, मंदिर में शादी… फिर दुल्हा फरार! न्याय नहीं मिलने पर युवती ने दी आत्मदाह की चेतावनी
प्रेम, शादी और धोखे का सनसनीखेज आरोप
20 लाख के जेवर हड़पने, शारीरिक शोषण और जान से मारने की धमकी का दावा
एसएसपी-डीसी से लगाई न्याय की गुहार
डीजे न्यूज, धनबाद: धनबाद में एक युवती ने अपने प्रेमी और उसके परिवार पर छह साल तक प्रेम संबंध के नाम पर शारीरिक शोषण, लाखों रुपये के जेवर और नकदी हड़पने तथा शादी का झांसा देकर धोखा देने का गंभीर आरोप लगाया है। युवती का दावा है कि समाज की मौजूदगी में मंदिर में शादी होने के बावजूद आरोपी उसे छोड़कर फरार हो गया। इतना ही नहीं, न्याय मांगने पर पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए गए हैं। पीड़िता ने उपायुक्त और वरीय पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाते हुए चेतावनी दी है कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो वह आत्मदाह जैसा कदम उठाएगी।
मामला धनबाद के दुहाटांड कुम्हारपट्टी का है। पीड़िता खुशी कुमारी का आरोप है कि झरिया वेस्ट कोईरीबांध निवासी विकास साव के साथ उसका पिछले छह वर्षों से प्रेम संबंध था। इस दौरान शादी का भरोसा दिलाकर आरोपी और उसके परिवार ने पिता की बीमारी, वाहन मरम्मत और अन्य बहानों से करीब 15 से 20 लाख रुपये के जेवर और नकदी ले लिए।
पीड़िता के अनुसार, 25 मई को कोर्ट मैरिज की तारीख तय हुई थी। दोनों कोर्ट पहुंचे, लेकिन आरोपी बिना दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए वहां से भाग गया। इसके बाद 16 जून की रात वह युवती के घर पहुंचा और अगले दिन मोहल्ले के लोगों की मौजूदगी में गणेश मंदिर में दोनों की शादी कराई गई। युवती का कहना है कि मांग में सिंदूर भरने और मंगलसूत्र पहनाने के बाद आरोपी कुछ दिनों में साथ ले जाने का वादा कर वहां से चला गया, लेकिन फिर वापस नहीं आया।
युवती का आरोप है कि जब उसने धनसार थाना पहुंचकर शिकायत की तो उसकी शिकायत पर कार्रवाई करने के बजाय उसे ही डांटा गया। साथ ही आरोपी अब केस वापस लेने के लिए जान से मारने की धमकी दे रहा है। फिलहाल पीड़िता ने धनबाद उपायुक्त और वरीय पुलिस अधीक्षक से न्याय की मांग की है और चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वह आत्मदाह कर लेगी।
फिलहाल पुलिस की ओर से इस संबंध में अधिकारिक प्रतिक्रिया या जांच का निष्कर्ष सामने आना बाकी है। अब देखना होगा कि पुलिस इन आरोपों की जांच कर क्या कार्रवाई करती है।